एक ही रात में पांच घरों में सेंध, लाखों की चोरी बेटी की शादी के लिए जुटाए जेवर और नकदी भी ले उड़े बदमाश, ग्रामीणों में आक्रोश

एक ही रात में पांच घरों में सेंध, लाखों की चोरी

बेटी की शादी के लिए जुटाए जेवर और नकदी भी ले उड़े बदमाश, ग्रामीणों में आक्रोश

गदरपुर। थाना गदरपुर की सकैनिया पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम सरोवर नगर में चोरों ने एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। बदमाशों ने घरों के पीछे की दीवारें काटकर दो घरों में लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, नए कपड़े और अन्य सामान चोरी कर लिया, जबकि तीन अन्य घरों में भी सेंधमारी का प्रयास किया गया।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी अखलाख अहमद पुत्र सुबराती के घर करीब दो माह बाद पुत्री का विवाह होना है। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था और धीरे-धीरे जेवर, कपड़े तथा अन्य आवश्यक सामान एकत्र कर रहा था। भीषण गर्मी के चलते परिवार के सदस्य आंगन में सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर के पीछे की दीवार काटकर अंदर घुस गए और करीब पांच तोले सोने के आभूषण, पौने दो किलो चांदी, नए कपड़े, एक लाख रुपये की नकदी तथा बच्चों की गुल्लकों में रखी लगभग छह हजार रुपये की रकम चोरी कर ले गए।

इसके अलावा बदमाशों ने रिजवान पुत्र कलवा के घर को भी निशाना बनाया। यहां से करीब साढ़े चार तोले सोने के आभूषण, लगभग 750 ग्राम चांदी, नए कपड़े तथा पीतल और तांबे के बर्तन चोरी कर लिए गए।

सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो घरों के पीछे की दीवारें कटी हुई मिलीं। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां व संदूक खंगाले जा चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।

चोरों ने जमील अहमद, जरीफ अहमद और शहीद अहमद के घरों में भी सेंध लगाने का प्रयास किया। इन घरों की दीवारें काटी गईं, लेकिन किसी कारणवश बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

एक ही रात में पांच घरों को निशाना बनाए जाने से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। उनका आरोप है कि पुलिस गश्त के दावे धरातल पर नजर नहीं आते, जिसका फायदा उठाकर चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा नहीं हुआ और रात्रि गश्त नहीं बढ़ाई गई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। वहीं, बेटी की शादी से पहले हुई चोरी से पीड़ित परिवार गहरे सदमे में है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चोरों की जल्द गिरफ्तारी तथा चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement