“नशा मुक्त देवभूमि” अभियान में 68 तस्कर गिरफ्तार, भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद
अवैध शस्त्रों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा, 103 आरोपी गिरफ्तार
कच्ची शराब माफियाओं पर कार्रवाई, 63 अवैध भट्टियां ध्वस्त
ऑपरेशन प्रहार में 737 अपराधी गिरफ्तार, हजारों का सत्यापन
ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग पर पुलिस सख्त, 147 वाहन सीज
धर्मांतरण और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों पर एसआईटी और संयुक्त जांच तेज
अपराध मुक्त देवभूमि के संकल्प को धरातल पर उतार रही ऊधमसिंहनगर पुलिस
सऊधमसिंहनगर पुलिस ने पिछले तीन माह में अपराध और नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियानों के तहत अवैध नशा, अवैध शस्त्र, कच्ची शराब, ओवरलोडिंग और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस की इस मुहिम से अपराधियों में खौफ और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त एवं नशा मुक्त देवभूमि” के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए जनपद पुलिस ने बीते तीन माह में पांच बड़े विशेष अभियान चलाए। इन अभियानों के दौरान सैकड़ों अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया गया।
अवैध शस्त्रों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 96 मुकदमे दर्ज कर 103 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 87 तमंचे, तीन बंदूकें, दो पंप एक्शन गन, तीन पिस्टल, एक रिवॉल्वर, 19 रामपुरी चाकू और तलवारें तथा 159 कारतूस बरामद किए।
वहीं नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 55 मुकदमे दर्ज कर 68 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 581.4 किलोग्राम गांजा, 1.058 किलोग्राम चरस, 714.96 ग्राम स्मैक, 56 नशीले इंजेक्शन और 227 नशीली गोलियां बरामद कीं। पुलिस ने इसे जनपद में अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी बताया है।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई। स्मैक तस्कर रिफाकत की करीब 3.70 करोड़ रुपये और गांजा तस्कर संजय गुप्ता की करीब तीन करोड़ रुपये की संपत्तियों को चिन्हित कर कार्रवाई शुरू की गई है। इसके अलावा गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कई अपराधियों पर शिकंजा कसा गया।
कच्ची शराब के खिलाफ एक सप्ताह चले अभियान में 133 मुकदमे दर्ज कर 127 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 3156 लीटर कच्ची शराब बरामद की तथा 63 अवैध भट्टियों को नष्ट किया। साथ ही 1.52 लाख लीटर लहन भी नष्ट किया गया।
सड़क सुरक्षा को लेकर चलाए गए अभियान में ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई। पुलिस ने 197 ओवरलोडिंग चालान, 53 ओवरस्पीडिंग चालान किए तथा कुल 147 वाहनों को सीज किया।
“ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपदभर में 1337 अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 737 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के दौरान 8687 लोगों का सत्यापन किया गया, जबकि 2696 यातायात चालान और 1502 पुलिस एक्ट के तहत चालान किए गए। 376 वाहनों को सीज किया गया तथा बार, पब, क्लब, होटल और ढाबों में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया गया।
धर्मांतरण और राष्ट्र विरोधी गतिविधियों के मामलों में भी पुलिस ने तेजी दिखाई है। पुलिस ने धर्मांतरण से जुड़े मामलों की जांच के लिए एसआईटी गठित की है। वहीं अल बदर से जुड़े मामलों में सितारगंज पुलिस, एसओजी, दिल्ली पुलिस और जम्मू-कश्मीर पुलिस संयुक्त जांच कर रही हैं।
एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस बल की फिटनेस, अनुशासन और जनसुनवाई व्यवस्था में भी सुधार किया है। नियमित परेड, फिजिकल एक्टिविटी और संवेदनशील पुलिसिंग के चलते पुलिस की कार्यप्रणाली में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि अपराधियों, नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।







