चंपावत गैंगरेप कांड को लेकर कांग्रेसियों का प्रदर्शन, भाजपा सरकार का फूंका पुतला
चंपावत गैंगरेप पर गरजे राजकुमार ठुकराल, जनता देगी भाजपा को जवाब
चंपावत घटना पर ठुकराल का हमला, कानून व्यवस्था पूरी तरह फेल
अंकिता से चंपावत तक, सरकार जवाब दे : राजकुमार ठुकराल
रुद्रपुर। चंपावत में नाबालिग के साथ हुई गैंगरेप की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में शिवनगर स्थित चामुंडा मंदिर के समीप कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिला सम्मान और सुरक्षा के नाम पर केवल झूठे दावे करती है। उन्होंने कहा कि पहले अंकिता भंडारी हत्याकांड और अब चंपावत की घटना ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों मामलों में भाजपा से जुड़े लोगों के नाम सामने आए, लेकिन सरकार कार्रवाई करने से बच रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा महिला सुरक्षा का केवल ढकोसला कर रही है और अब महिलाएं भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर उसे सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी हैं।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि भाजपा सत्ता के नशे में चूर हो चुकी है। चंपावत की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और अब जनता भाजपा की वास्तविकता को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। ठुकराल ने आरोप लगाया कि लोकतंत्र की बात करने वाली भाजपा सरकार आज लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि भाजपा सरकार में महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिला हितों की बात करने वाली भाजपा यदि वास्तव में महिलाओं की हितैषी है तो वर्तमान सीटों के आधार पर महिला आरक्षण लागू करे। गाबा ने कहा कि महिलाओं ने अब भाजपा के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है, जो भाजपा के राजनीतिक अंत का कारण बनेगा।
प्रदर्शन के दौरान परिमल राय, योगेश चौहान, संजीव गुप्ता, विकास बंसल, संजय ठुकराल, सतीश कुमार, सुशील मंडल, शुभम दास, प्रीति साना, उमा सरकार, मोहन भारद्वाज, अशोक रस्तोगी, असित बाला, चोखेलाल गंगवार, विक्की सोनकर, राकेश अधिकारी, अनुज दीक्षित, चमन सागर, नरेश सागर, सुदर्शन प्रजापति, सोनू सक्सेना, ललित सक्सेना, आदेश गंगवार, डॉ. खेमानंद रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।







