“ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई, 71 लाख की स्मैक बरामद दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, पुलिस का सख्त रुख जारी

“ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई, 71 लाख की स्मैक बरामद

दो शातिर तस्कर गिरफ्तार, पुलिस का सख्त रुख जारी

रुद्रपुर। माननीय मुख्यमंत्री उत्तराखंड के सख्त निर्देशों के क्रम में जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में पुलिस व एंटी नारकोटिक्स टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब 71 लाख रुपये की स्मैक बरामद करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।

किच्छा में महिला तस्कर गिरफ्तार

कोतवाली किच्छा पुलिस एवं एएनटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने 7 अप्रैल 2026 को चेकिंग के दौरान महराया कट क्षेत्र के पास एक संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 133 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में अभियुक्ता ने अपना नाम सुरेन्द्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर (42 वर्ष), निवासी टिब्बा लालपुर, थाना किच्छा बताया।

पुलिस ने अभियुक्ता के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। महिला के पास से 4 हजार रुपये नगद भी बरामद हुए हैं।

रुद्रपुर में युवक दबोचा गया

वहीं, कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बागवाला रुद्रपुर-रामपुर बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 103.33 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

अभियुक्त ने अपना नाम अर्जुन सिंह (26 वर्ष), निवासी कपूरपुर, थाना मीरगंज, जनपद बरेली (उप्र) बताया। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने उसके पास से एक एंड्रायड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पूछताछ में आरोपी ने स्मैक फतेहगंज क्षेत्र से लाने की बात कबूली है।

पुलिस का सख्त संदेश

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement