*_टी20 वर्ल्ड कप: साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को दी मात, भारत के लिए सेमीफाइनल का रास्ता हुआ आसान_*
अहमदाबाद। गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने दूसरे सुपर 8 मैच में साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को आसानी से हरा दिया है. 177 रनों के लक्ष्य को प्रटियाज ने केवल 16.1 ओवर में ही हासिल कर लिया. इस जीत के साथ साउथ अफ्रीका के कुल 4 पॉइंट हो गए हैं और वो सेमीफाइनल के बिल्कुल करीब पहुंच गए हैं. इसके अलावा दक्षिण अफ्रीका ने भारत के ऊपर से जिम्बाब्वे के खिलाफ रन रेट से जीतने के दबाव को खत्म कर दिया है. अब भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अपने दोनों मैच सिर्फ जीतने होंगे.
दक्षिण अफ्रीका ने आसानी से लक्ष्य किया हासिल
साउथ अफ्रीका ने 177 रन का टारगेट आसानी से हासिल कर लिया, क्योंकि उनकी पारी की अभी 9 विकेट और 23 गेंदें बाकी थीं. एडेन मार्करम ने 46 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से नाबाद 82 रन की जबरदस्त पारी खेली. जबकि क्विंटन डी कॉक ने 25 गेंदों पर 47 रन बनाए. नंबर 3 पर बल्लेबाजी करने आए रयान रिकेल्टन ने 28 गेंदों पर नाबाद 45 रन बनाए. कैरेबियाई टीम के लिए रोस्टन चेज ने अकेले ऐसे बॉलर थे जिन्होंने विकेट लिया.
वेस्टइंडीज ने बनाया था 176/8 का स्कोर
जेसन होल्डर (49) और रोमारियो शेफर्ड (नाबाद 52) की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत वेस्टइंडीज ने खराब शुरुआत के बाद मजबूत वापसी करते हुए 20 ओवर में 176/8 का स्कोर बना दिया. एक समय वेस्टइंडीज का स्कोर 83/7 था. लेकिन पूर्व कप्तान होल्डर ने शेफर्ड के साथ मिलकर टीम को मुश्किल से निकाला और दोनों ने 8वें विकेट के लिए 89 रन की शानदार पार्टनरशिप करके टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.
शेफर्ड ने 37 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और 52 रन बनाकर नाबाद रहे. शेफर्ड ने अपनी पारी में तीन चौके और चार छक्के लगाए, जबकि होल्डर 49 रन पर आउट होकर हाफ सेंचुरी बनाने से चूक गए. एनगिडी साउथ अफ्रीका के सबसे सफल बॉलर रहे, उन्होंने 30 रन देकर 3 विकेट लिए. जबकि रबाडा और बॉश ने दो-दो विकेट लिए.
WI vs SA Super 8: संक्षिप्त स्कोर
वेस्टइंडीज 20 ओवर में 176/8
साउथ अफ्रीका 16.1 ओवर में 177/1
नतीजा: वेस्टइंडीज की 9 विकेट से हार







