*_उत्तराखंड को मिला 4,769 करोड़ का रेलवे बजट, इस साल ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना को लेकर मिलेगी खुशखबरी_*
देहरादून: केंद्रीय बजट में इस बार रेलवे के लिए 2.78 लाख करोड़ रुपए का ऐतिहासिक बजट का आवंटन किया गया है. जिसमें उत्तराखंड समेत तमाम अन्य राज्यों में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े काम होंगे. इस बार उत्तराखंड को 4,769 करोड़ रुपए का रेल बजट मिला है. जबकि, अभी 39,491 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट चल रहे हैं. वहीं, 100 फीसदी इलेक्ट्रिफिकेशन हो गया है. वहीं, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट पर भी काम तेजी से आगे बढ़ रहा है.
उत्तराखंड को मिला 4,769 करोड़ रुपए का रेल बजट: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि साल 2009 से 2014 तक सिर्फ 187 करोड़ का बजट उत्तराखंड में रेलवे के काम के लिए आवंटित किया गया था. जबकि, रेल बजट 2026-27 में उत्तराखंड को रिकॉर्ड (26 गुना अधिक रेल बजट) 4 हजार 769 करोड़ रुपए आवंटित हुए हैं.
उत्तराखंड में कुल 39,491 करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर काम चालू है और इस बड़े निवेश में राज्य में ट्रैक बनाना, स्टेशन रीडेवलपमेंट और सुरक्षा बढ़ाना शामिल हैं. अमृत स्टेशन योजना के तहत उत्तराखंड में कुल 11 स्टेशनों को पूरी तरह से रीडेवलप करने के लिए चयनित किया गया है. स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए 147 करोड़ का कुल निवेश किया जा रहा है.
साल 2014 से अब तक करीब 76 किमी ट्रैक का हो चुका निर्माण: बेहतर कनेक्टिविटी प्रीमियम ट्रेन सेवाओं के विस्तार के अंतर्गत राज्य में 3 वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाएं चल रही हैं. जबकि, 1 अमृत भारत एक्सप्रेस की सेवा चालू है. नेटवर्क विस्तार और 100 फीसदी विद्युतीकरण के मामले में उत्तराखंड में रेलवे नेटवर्क तेजी से बढ़ा है. साल 2014 से अब तक लगभग 76 किमी ट्रैक का निर्माण किया जा चुका है.
उत्तराखंड ने रेलवे में 100 फीसदी इलेक्ट्रिफिकेशन हासिल कर लिया है. जबकि, साल 2014 से अब तक 334 किमी रेल लाइनों को इलेक्ट्रिफाई किया जा चुका है. जबकि, 106 फ्लाईओवर और अंडरपास बनाए गए हैं. रेलवे सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अब तक कुल 54 कवच स्वीकृत किए जा चुके हैं. ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर भी तेजी से आगे काम बढ़ रहा है और जल्द ही ये अपने उद्घाटन की ओर बढ़ रही है.
इस साल ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल परियोजना का एक फेज हो सकता है चालू: वहीं, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जानकारी दी है कि इस साल पूरी संभावना है कि ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल मार्ग के एक फेज को चालू कर दिया जाएगा. जिसमें पीएम मोदी इस परियोजना को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके साथ ही साल 2027 अंत तक इस परियोजना को पूरा कर लिया जाएगा. यह योजना राज्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है.






