सरकारी स्कूल के अन्दर घुसा युवक प्रधानाध्यापिका समेत कई शिक्षकों को पीटा 

Spread the love

सरकारी स्कूल के अन्दर घुसा युवक प्रधानाध्यापिका समेत कई शिक्षकों को पीटा

 

Dehradun News: डोईवाला स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय तेलीवाला में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यालय के समीप रहने वाले एक युवक द्वारा प्रधानाध्यापिका सहित तीन शिक्षकों के साथ मारपीट करने और छात्राओं के विरुद्ध अश्लील टिप्पणी करने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

 

जानकारी के अनुसार, प्रार्थना सभा के समय आरोपी युवक विद्यालय परिसर में घुस आया और बालिकाओं के साथ अभद्र व अश्लील भाषा का प्रयोग करने लगा। शिक्षकों द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने प्रधानाध्यापिका उषा रानी सहित दो अन्य शिक्षकों के साथ मारपीट की। आरोप है कि युवक ने विद्यालय में आग लगाने और जान से मारने की धमकी भी दी, साथ ही विद्यालय का फर्नीचर भी तोड़ दिया।

 

घटना की सूचना मिलते ही शिक्षक संगठनों और हिंदू संगठनों से जुड़े लोग कोतवाली पहुंचे और आरोपी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद सरफराज उर्फ मोनू पुत्र हनीफ निवासी तेलीवाला, डोईवाला को गिरफ्तार कर लिया।

 

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार राणा ने बताया कि प्रधानाध्यापिका की तहरीर के आधार पर आरोपी के विरुद्ध स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, लोक सेवक को कर्तव्य के दौरान चोट पहुंचाने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, आपराधिक धमकी, महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने सहित भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी पूर्व में भी इस तरह की हरकतें कर चुका है, जिससे विद्यालय में भय का माहौल बना हुआ था।

 

इधर, घटना के बाद राजकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय तेलीवाला के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कड़ी आपत्ति जताते हुए सुरक्षा की मांग की है। शिक्षकों ने उपशिक्षा अधिकारी डोईवाला को पत्र लिखकर सुरक्षा की गारंटी मिलने तक विद्यालय न जाने और अपनी उपस्थिति उपशिक्षा अधिकारी कार्यालय में दर्ज कराने की असमर्थता जताई है। पुलिस मामले में अग्रिम कार्रवाई कर रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *