*_20 साल तक पहचान छुपाकर की सरकारी नौकरी, प्रिंसिपल की शिकायत पर टीचर के खिलाफ केस दर्ज_*
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद से सरकारी नौकरी में फर्जीवाड़े का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. दरअसल, पहचान बदलकर और कथित फर्जी शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर लंबे समय तक शिक्षा विभाग में नौकरी करने वाले रिटायर्ड टीचर का भंडाफोड़ हुआ है. सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने फर्जी टीचर के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है. पुलिस ने ये कार्रवाई राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा के प्रिंसिपल की शिकायत पर की है.
जांच में हुए कई खुलासे: पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि “आरोपी शिक्षक ललित भारद्वाज ने साल 2004 में हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से एसएस टीचर के पद पर नियुक्ति हासिल की थी”. आरोप है कि उसने अपनी वास्तविक पहचान छिपाकर और कथित गलत दस्तावेजों के आधार पर सरकारी नौकरी प्राप्त की. जब स्कूल स्तर पर उसके शैक्षणिक रिकॉर्ड की जांच की गई, तो कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं.
सीएम विंडो में भी शिकायतें दर्ज: पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि “जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी की 10वीं, 12वीं और स्नातक तक की शिक्षा लालाराम पुत्र शिव कुमार के नाम से दर्ज हैं. जबकि शिक्षा विभाग में उसकी नियुक्ति ललित भारद्वाज के नाम से हुई थी. इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब साल 2020 और 2021 में सीएम विंडो के माध्यम से लगातार शिकायतें दर्ज कराई गई. शिकायतों के आधार पर शिक्षा विभाग ने मामले की विभागीय जांच शुरू की”.
सेना में सेवा के दौरान हासिल की डिग्री: विभागीय जांच में सामने आया कि आरोपी, जिसका पूर्व नाम लालाराम बताया गया है, साल 1987 से 1999 तक भारतीय सेना में लिपिक के पद पर कार्यरत रहा. आरोप है कि सेना में सक्रिय सेवा के दौरान ही उसने साल 1994 में शिलॉन्ग, मेघालय से बीएड की डिग्री प्राप्त कर ली. जो सेवा नियमों और शर्तों के खिलाफ है. वहीं, जांच करने पर उसकी बीएड डिग्री में भी कई खामियां मिली है. डिग्री में पिता का नाम दर्ज नहीं है. इससे डिग्री और अन्य शैक्षणिक दस्तावेजों की प्रामाणिकता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
“गहनता से जांच के बाद होगी कार्रवाई”: पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि “खंड शिक्षा अधिकारी बल्लभगढ़ और शिक्षा निदेशालय स्तर पर की गई विस्तृत जांच के बाद सामने आया कि आरोपी ने अपनी पहचान बदलकर और शैक्षणिक योग्यताओं से संबंधित दस्तावेजों में हेरफेर कर सरकारी नौकरी को ज्वाइन किया था. जांच रिपोर्ट के आधार पर सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने आरोपी ललित भारद्वाज के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. मामले की गहन जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी”.







