*_मुजफ्फरनगर में फ्लैट में दो सिलेंडर ब्लास्ट, कानूनगो, मां और भाई की जिंदा जलकर मौत, चार लोग झुलसे_*

*_मुजफ्फरनगर में फ्लैट में दो सिलेंडर ब्लास्ट, कानूनगो, मां और भाई की जिंदा जलकर मौत, चार लोग झुलसे_*

मुजफ्फरनगर : नई मंडी कोतवाली क्षेत्र स्थित वसुंधरा रेजिडेंसी में एक फ्लैट के भीतर आग लगने और सिलेंडर ब्लास्ट होने से एक ही परिवार के तीन लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद रेजिडेंसी परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गया. घटना सोमवार शाम करीब 5.30 बजे हुई.

हादसे में कानूनगो अमित गौड़, उनकी मां सुशीला और छोटे भाई नितिन की जिंदा जलकर मौत हो गई. जबकि रिचा, अक्षिका, अराध्या और नोनी झुलस गईं. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. सबसे पहले फ्लैट से धुआं उठता दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया. इसके बाद तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग सहम गए.

धमाके से खिड़कियों के शीशे तक टूट गए : धमाका इतना तेज था कि खिड़कियों में लगे शीशे टूटकर सड़क पर जा गिरे. घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी संजय कुमार वर्मा और जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसपी सिटी सत्यनारायण मौके पर पहुंचे. फायर ब्रिगेड ने अंदर फंसे लोगों के बाहर निकाला और अस्पताल भेजा. झुलसे लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.

देवबंद तहसील में थे तैनात : SSP संजय कुमार वर्मा ने बताया, कानूनगो अमित गौड़ अपने परिवार के साथ वसुंधरा रेजिडेंसी में किराए पर रहते थे. अमित शामली में बड़ा बाजार के रहने वाले थे और सहारनपुर की देवबंद तहसील में तैनात थे. जांच में पड़ोसिंयों ने बताया, मकान में पहले आग लगी. शोर सुनकर वे बाहर आए तभी सिलेंडरों के फटने की आवाज आईं. लगातार दो सिलेंडर फटे. घर में अंगीठी जलने की बात सामने आई है.

घर में मिले तीन शव : एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कंट्रोल रुम से थाना क्षेत्र नई मंडी के वसुंधरा रेजिडेंसी के फेज तीन में एक मकान के दूसरी मंजिल पर आग लगने की सूचना मिली थी और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया. घर में तीन शव मिले हैं.

Advertisement
Advertisement
Advertisement