*_उत्तराखंड: गैंगस्टर विनय त्यागी पर फायरिंग मामला, गोली मारने वाले दोनों बदमाश अरेस्ट_*
लक्सर (उत्तराखंड): हरिद्वार के लक्सर ओवर ब्रिज पर पुलिस की गाड़ी में बैठे मोस्ट वांटेड बदमाश विनय त्यागी पर गोलियां चलाने वाले बाइक सवार दोनों बदमाशों को पुलिस ने किया. दोनों बदमाश विनय त्यागी को गोली मारने के बाद बाइक से फरार हो गए थे. पुलिस ने दोनों बदमाशों की पहचान करते हुए हार्डकोर क्रिमिनल बताया है. दोनों पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.
24 दिसंबर को लक्सर कोतवाली क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर हुए गोलीकांड मामले पर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने वारदात को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों को खानपुर थाना क्षेत्र के गांव सिकंदरपुर के जंगल, बिजनौर हाईवे से गिरफ्तार किया. दोनों बदमाश वारदात को अंजाम देकर बिना नंबर प्लेट की बाइक से फरार हो गए थे. पुलिस ने दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए कड़ी घेराबंदी कर रखी थी. पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाश बाइक को छोड़कर सिकंदरपुर गांव में छिप गए थे. पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी के लिए मुखबिर तंत्र को भी एक्टिव कर दिया था.
पुलिस ने दोनों की गिरफ्तारी गुरुवार शाम को की. आरोपियों के पहचान मुख्य आरोपी 28 वर्षीय सन्नी यादव उर्फ शेरा पुत्र कमल सिंह निवासी गुलजारपुर और 24 वर्षीय अजय पुत्र कुंवर सैन निवासी खरमासा कॉलोनी, थाना थाना काशीपुर, उधमसिंह नगर के रूप में की है. पुलिस की प्रारंभिक जांच में आमने आया कि दोनों हार्डकोर क्रिमिनल हैं, जिन पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं.
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने भी आरोपियों से पूछताछ की है. उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस की पांच टीमें लगाई गई थी. दोनों आरोपी बाइक छोड़कर पैदल फरार हुए थे, इसलिए पुलिस को अंदेशा था कि दोनों आसपास ही कहीं छिपे होंगे. गुरुवार को जाम बिछाकर दोनों बदमाशों को गिरफ्तार किया गया. पीएसी की तीन प्लाटून भी दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई थी. फिलहाल, दोनों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिए गए हैं.
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने मामले का खुलासा करते हुए घटना को अंजाम देने का कारण बताया. पुलिस पूछताछ में सामने आया कि, पैसे मांगने पर विनय त्यागी लगातार सन्नी यादव को जान से मरवाने की धमकी दे रहा था. जिस पर सन्नी काफी समय से विनय त्यागी की रेकी कर रहा था. उसे जानकारी मिली कि विनय त्यागी रुड़की जेल में बंद है और 24 दिसंबर को लक्सर न्यायालय में पेशी पर लाया जाएगा. इसी जानकारी के आधार पर सन्नी ने अपने साथी अजय के साथ मिलकर बदले की नीयत से घटना को अंजाम दिया
फिलहाल दोनों बदमाशों की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत की सांस ली है. वहीं क्षेत्र के लोग भी बदमाशों की गिरफ्तारी से पुलिस की कार्यशैली की प्रशंसा कर रहे हैं.






