*ज्यादा नमक, चीनी और फैट वाले पैक्ड फूड पर लग सकता है लाल चेतावनी लेबल*
नई दिल्ली। चिप्स, बिस्किट, नमकीन और कोल्ड ड्रिंक्स जैसे पैकेज्ड खाद्य पदार्थों का सेवन करने वालों के लिए जल्द ही बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। ज्यादा फैट, चीनी और नमक वाले पैक्ड फूड उत्पादों पर लाल रंग का चेतावनी लेबल लगाने का प्रस्ताव सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया है।
एफएसएसएआई के प्रस्ताव के अनुसार, अधिक वसा, चीनी अथवा नमक वाले खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग पर स्पष्ट रूप से लाल रंग का चेतावनी लेबल लगाया जा सकता है, ताकि उपभोक्ता विशेषकर बच्चों के अभिभावक उत्पाद खरीदने से पहले उसकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी आसानी से समझ सकें।
यह कदम सुप्रीम कोर्ट की सख्त टिप्पणी के करीब दो सप्ताह बाद उठाया गया है। गत 13 अगस्त को शीर्ष अदालत ने एफएसएसएआई की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए उसे अंतिम अवसर दिया था। अदालत ने पूछा था कि क्या प्राधिकरण देश के लोगों और विशेषकर बच्चों को स्वस्थ नहीं देखना चाहता। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह भी सवाल उठाया था कि कहीं खाद्य उत्पाद बनाने वाली कंपनियों का दबाव एफएसएसएआई के फैसलों पर तो हावी नहीं हो रहा है।
अदालत की सख्त टिप्पणी के बाद एफएसएसएआई ने इस दिशा में कदम उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दाखिल किया है। यदि प्रस्ताव लागू होता है तो बाजार में बिकने वाले अधिक नमक, चीनी और फैट वाले पैकेज्ड खाद्य उत्पादों की पहचान उपभोक्ताओं के लिए आसान हो जाएगी।











