दिल्ली मे मृत मिले हल्द्वनी के दो युवक, हत्या की आशंका 

Spread the love

दिल्ली मे मृत मिले हल्द्वनी के दो युवक, हत्या की आशंका

 

हल्द्वानी। पत्नी से चल रहे विवाद के मामले में दिल्ली में कोर्ट की पेशी पर गए हल्द्वानी निवासी एक युवक और उसके दोस्त की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। दोनों के शव दिल्ली के आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर अलग-अलग स्थानों पर मिले, जिससे परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।

 

जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी वैलेजली लॉज गली नंबर-2, शिव मंदिर निवासी 30 वर्षीय रवि गुप्ता एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। उनका दिल्ली के मंडावली निवासी पत्नी से विवाद चल रहा था, जिसको लेकर कोर्ट में मामला विचाराधीन था। चार जनवरी को रवि गुप्ता अपने आठ वर्षीय बेटे और दोस्त गोलू शर्मा के साथ दिल्ली रवाना हुए थे। पांच जनवरी को रवि की कोर्ट में पेशी हुई।

 

इसके कुछ ही समय बाद पांच जनवरी को रवि गुप्ता का शव आनंद विहार रेलवे ट्रैक पर मिला। अगले दिन छह जनवरी को उसी स्थान से करीब 200 मीटर की दूरी पर उसके 25 वर्षीय दोस्त गोलू शर्मा का शव भी रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। शवों की शिनाख्त होने के बाद दिल्ली पुलिस ने हल्द्वानी पुलिस से संपर्क साधा।

 

परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि रवि गुप्ता के शव पर मारपीट के निशान दिखाई दे रहे थे, जिससे मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। सात जनवरी को भोटिया पड़ाव चौकी के माध्यम से परिजनों को रवि की मौत की सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन दिल्ली के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।

 

पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को रवि गुप्ता का शव हल्द्वानी लाया गया, जहां देर शाम उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। वहीं, गोलू शर्मा के परिजन शव लेने के लिए दिल्ली रवाना हो गए हैं। मामले की जांच जारी है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *