रोडवेज बस अड्डे का रास्ता साफ, विस्थापित दुकानदारों का पहले होगा पुनर्वास : मेयर
जेसीज पब्लिक स्कूल के पास बनेगा पुनर्वास स्थल, रिटेनिंग वॉल निर्माण के बाद होंगी नई दुकानें आवंटित; 40 प्रतिशत पूरा हो चुका बस अड्डा निर्माण अब पकड़ेगा रफ्तार
रुद्रपुर। वर्षों से लंबित रोडवेज बस अड्डा परियोजना को अब जल्द रफ्तार मिलने की उम्मीद है। विश्वकर्मा मार्केट के प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर मेयर विकास शर्मा ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम किसी भी दुकानदार को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के नहीं हटाएगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रभावित व्यापारियों के सम्मानजनक पुनर्वास की योजना तैयार कर ली गई है और उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेयर ने बताया कि छोटा जयसीज पब्लिक स्कूल के समीप पुनर्वास के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है। नगर निगम ने लगभग 27 प्रभावित दुकानदारों की सूची भी तैयार कर ली है। एक-दो दिनों में वहां रिटेनिंग वॉल के निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। निर्माण पूरा होने के बाद सभी दुकानदारों को नई दुकानें आवंटित कर व्यवस्थित रूप से स्थानांतरित किया जाएगा, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की नीति शुरू से ही स्पष्ट रही है कि विकास कार्यों के नाम पर किसी भी व्यापारी के साथ अन्याय नहीं किया जाएगा। पहले पुनर्वास सुनिश्चित किया जाएगा और उसके बाद ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई होगी। पुनर्वास स्थल का ड्राइंग तैयार है तथा इस संबंध में दुकानदारों के साथ कई दौर की वार्ता भी हो चुकी है। प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में भी इस योजना की घोषणा की जा चुकी है।
मेयर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार विकास और जनहित के बीच संतुलन बनाकर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि जी-20 सम्मेलन के दौरान हटाए गए दुकानदारों को वेंडिंग जोन में पुनर्स्थापित किया गया था। इसी तर्ज पर रोडवेज बस अड्डा परियोजना से प्रभावित दुकानदारों को भी नई दुकानें उपलब्ध कराई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कार्य लगभग 40 प्रतिशत पूरा हो चुका है, लेकिन विश्वकर्मा मार्केट के पुनर्वास का मामला लंबित होने के कारण शेष कार्य प्रभावित हो रहा था। अब पुनर्वास की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जैसे ही दुकानदार नई जगह स्थानांतरित होंगे, बस अड्डे के निर्माण कार्य में तेजी आएगी और लंबे समय से अटकी यह परियोजना शीघ्र पूर्ण होने की दिशा में आगे बढ़ेगी।
मेयर ने विश्वास जताया कि आधुनिक रोडवेज बस अड्डे के निर्माण से रुद्रपुर की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार होगा। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, शहर की पहचान मजबूत होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि नगर निगम विकास कार्यों के साथ-साथ सभी प्रभावित दुकानदारों का सम्मानजनक पुनर्वास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।







