*रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत* *सुबह बहनों ने बांधी राखी, शाम को हादसे की खबर से दो परिवारों में मचा कोहराम*

Spread the love

*रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं, सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत*

*सुबह बहनों ने बांधी राखी, शाम को हादसे की खबर से दो परिवारों में मचा कोहराम*

 

ऋषिकेश। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को जहां सुबह दो परिवारों में भाई-बहन के प्रेम का उत्सव मनाया गया, वहीं शाम होते-होते एक दर्दनाक सड़क हादसे ने उनकी खुशियों को मातम में बदल दिया। ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भद्रकाली के समीप हुए सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीर्थयात्रियों को लेकर खारास्रोत पार्किंग से हरिद्वार की ओर जा रही एक बस भद्रकाली से आगे ढलान पर पहुंची। बताया जा रहा है कि इसी दौरान बस के ब्रेक फेल हो गए, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। अनियंत्रित बस सड़क पर पलट गई और सड़क किनारे बैठे दो चचेरे भाई शुभम और ऋषभ उसकी चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की सबसे मार्मिक बात यह रही कि दोनों युवक रक्षाबंधन के दिन सुबह ही अपनी बहनों से राखी बंधवाकर आए थे। बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र और सुखमय जीवन की कामना करते हुए उनकी कलाई पर रक्षासूत्र बांधा था। किसी को अंदेशा नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद दोनों परिवारों पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा।

शाम को जैसे ही हादसे की सूचना घर पहुंची, दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। जिन घरों में सुबह तक रक्षाबंधन की खुशियां और उत्साह का माहौल था, वहां देखते ही देखते शोक की लहर दौड़ गई। भाइयों के निधन की खबर मिलते ही बहनों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

इस दर्दनाक हादसे ने रक्षाबंधन जैसे खुशियों के पर्व को दो परिवारों के लिए जीवनभर न भूल पाने वाली पीड़ा में बदल दिया। क्षेत्र में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *