*रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 2027-28 से शुरू होगा एमबीबीएस सत्र* *100 सीटों पर होंगे प्रवेश, महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार*

*रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 2027-28 से शुरू होगा एमबीबीएस सत्र*

 

*100 सीटों पर होंगे प्रवेश, महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री धामी का जताया आभार*

 

रुद्रपुर। रुद्रपुर के बहुप्रतीक्षित पंडित राम सुमेर शुक्ल स्मृति मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी। कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश के साथ शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारी है। इस उपलब्धि पर महापौर विकास शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया है।

 

महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का संचालन शुरू होना रुद्रपुर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। यह परियोजना लंबे समय से प्रतीक्षित थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसमें व्यक्तिगत रुचि लेते हुए वित्तीय स्वीकृतियों और धनराशि जारी करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण और संचालन से जुड़ी प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 

महापौर ने बताया कि उन्होंने भी समय-समय पर मेडिकल कॉलेज परिसर का निरीक्षण किया और कॉलेज के प्राचार्य से लगातार संवाद बनाए रखा। सभी के सामूहिक प्रयासों से अब यहां एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।

 

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से रुद्रपुर को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। इससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही रुद्रपुर सहित पूरे कुमाऊं मंडल, उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है।

 

महापौर ने इस उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का पुनः आभार व्यक्त करते हुए रुद्रपुर की जनता, प्रबुद्ध नागरिकों और युवाओं को बधाई दी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement