*भारत की वैश्विक छवि मजबूत, श्रीलंका में 79 प्रतिशत लोगों ने जताई सकारात्मक राय*
वॉशिंगटन। प्यू रिसर्च सेंटर के नए वैश्विक सर्वेक्षण में भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि को लेकर सकारात्मक तस्वीर सामने आई है। सर्वेक्षण के अनुसार श्रीलंका में 79 प्रतिशत लोगों ने भारत के प्रति अनुकूल राय व्यक्त की है। यह सर्वेक्षण इस वर्ष फरवरी से मई के बीच 36 देशों में 42 हजार से अधिक लोगों के बीच किया गया।
सर्वेक्षण में भारत के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को दोनों देशों के मजबूत क्षेत्रीय, सांस्कृतिक और आर्थिक संबंधों से जोड़कर देखा गया है। वर्ष 2022 में श्रीलंका के गंभीर आर्थिक संकट के दौरान भारत की ओर से दी गई वित्तीय सहायता और ऋण सुविधाओं ने भी दोनों देशों के संबंधों को और मजबूती प्रदान की।
भारत को लेकर ब्रिटेन और केन्या में 71-71 प्रतिशत लोगों ने सकारात्मक राय व्यक्त की। वहीं जर्मनी में 63 प्रतिशत और इजराइल में 60 प्रतिशत लोगों ने भारत के प्रति अनुकूल दृष्टिकोण जताया। इसके अलावा इटली, स्वीडन, जापान और थाईलैंड में भी आधे से अधिक लोगों की राय भारत के पक्ष में रही।
सर्वेक्षण के आंकड़े संकेत देते हैं कि विभिन्न देशों में भारत की छवि लगातार सकारात्मक बनी हुई है और क्षेत्रीय सहयोग, आर्थिक साझेदारी तथा मानवीय सहायता जैसे कारकों का इसका असर दिखाई दे रहा है।











