*हाईवे पर हुड़दंग पड़ा महंगा, थार-स्कॉर्पियो चालकों पर काशीपुर पुलिस की कार्रवाई*

*हाईवे पर हुड़दंग पड़ा महंगा, थार-स्कॉर्पियो चालकों पर काशीपुर पुलिस की कार्रवाई*

रुद्रपुर/काशीपुर। जसपुर-काशीपुर हाईवे पर थार और स्कॉर्पियो वाहनों के काफिले के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करना युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में काशीपुर पुलिस ने संबंधित वाहनों और उनके चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को जसपुर-काशीपुर हाईवे पर कुछ युवक थार और स्कॉर्पियो वाहनों में झुंड बनाकर लापरवाही से वाहन चला रहे थे। इस दौरान यातायात नियमों का खुलेआम उल्लंघन किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

एसएसपी के निर्देश पर काशीपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर संबंधित वाहनों को कब्जे में लिया और वाहन चालकों को कोतवाली बुलाया। सभी चालकों से भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न करने का लिखित माफीनामा लिया गया। इसके बाद उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही भविष्य में स्टंटबाजी, रेसिंग अथवा यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि सड़क पर कुछ क्षणों का रोमांच किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें, स्टंट और ओवरस्पीडिंग से बचें तथा अपनी और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement