*तहरीर पर कार्रवाई न होने से नाराज ठुकराल ने सीओ को सौंपा ज्ञापन*
*दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग, निष्पक्ष जांच का मिला आश्वासन*
रुद्रपुर। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने सिडकुल चौकी में दी गई तहरीर पर कार्रवाई न होने को लेकर क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
ज्ञापन में ठुकराल ने कहा कि 24 अगस्त को जिला कलेक्ट्रेट में निर्वाचन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से मतदाता सूची को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। वह भी अपना पक्ष रखने के लिए कुमाऊं आयुक्त और जिलाधिकारी के समक्ष बैठक में उपस्थित हुए थे।
ठुकराल का आरोप है कि बैठक शुरू होते ही रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को लेकर अभद्र टिप्पणी की और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए अपमानजनक व्यवहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी दौरान किच्छा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने भी अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए विपक्षी दल के लोगों पर आपत्तिकर्ताओं के घर जाकर धमकियां देने का आरोप लगाया।
ज्ञापन में कहा गया है कि दोनों नेताओं ने सत्ता के प्रभाव में उच्च अधिकारियों की मौजूदगी में कथित रूप से गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। स्थिति बिगड़ती देख वहां मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों एवं अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पूर्व विधायक ठुकराल ने कहा कि उक्त घटनाक्रम और संबंधित लोगों के रवैये के चलते उन्हें भविष्य में जान-माल का गंभीर खतरा बना हुआ है। तहरीर देने के बावजूद पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और मामले में संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया।











