*गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक विधायक बेहड़ ने शुरू किया ग्रामीण जनसंवाद* *नजीबाबाद क्षेत्र में 60 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं*

*गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक विधायक बेहड़ ने शुरू किया ग्रामीण जनसंवाद*

 

*नजीबाबाद क्षेत्र में 60 लाख रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास, ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं*

 

किच्छा, 17 नवंबर। विधायक तिलक राज बेहड़ ने मंगलवार को नजीबाबाद क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीण जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने करीब 60 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक बेहड़ ने जीरो बंदा स्थित गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर और अरदास कर किया। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने नजीबाबाद बंदा, चीमा लाइन, प्रधान लाइन, दीवान झाला, बंगाली कॉलोनी और कोटखर्रा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया।

 

राज्य योजना के तहत धौराडाम की प्रधान लाइन में 400 मीटर और दीवान झाला में 300 मीटर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। इन दोनों कार्यों पर कुल 41.19 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, विधायक निधि से 19.40 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों के तहत नजीबाबाद जीरो बंदा में गुरुद्वारा साहिब के समीप तीन लाख रुपये से सौंदर्यीकरण, चीमा लाइन के पूर्वांचल क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर पांच लाख रुपये से सौंदर्यीकरण, दीवान झाला की विभिन्न गलियों में पांच लाख रुपये से सीसी सड़क निर्माण तथा धौराडाम की बंगाली कॉलोनी में 6.40 लाख रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं।

 

इस दौरान विधायक ने आचार्य कॉलोनी के लोगों को आश्वस्त किया कि वर्ष 2027 में दोबारा विधायक बनने के बाद अपने कार्यकाल के प्रथम वर्ष में मंदिर निर्माण और सड़क के पुनर्निर्माण की दोनों मांगों को पूरा कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में की गई घोषणाओं को उन्होंने पूरा किया है और आगे भी क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने ग्रामीणों से कांग्रेस और भाजपा से ऊपर उठकर विकास के नाम पर समर्थन देने की अपील की।

 

ग्रामीण जनसंवाद के दौरान विधायक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर फसलों का भी जायजा लिया। जलभराव की समस्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर पानी की निकासी जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

विधायक बेहड़ ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनना और उनका समाधान कराना जनप्रतिनिधि का दायित्व है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, नाली, सौंदर्यीकरण और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकास कार्यों में किसी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी।

 

गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक बेहड़ का फूलमालाओं से स्वागत किया और क्षेत्र में कराए जा रहे विकास कार्यों के लिए आभार जताया।

 

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी, जिला पंचायत सदस्य प्रेम आर्य, भजन सिंह, बलवंत सिंह, किशोर आचार्य, उत्तम आचार्य, बलदेव सिंह, मेजर सिंह, विजय यादव, रघुनाथ सिंह, विजय विश्वास, सपन मंडल, लखविंद्र सिंह, धनंजय, प्रेम सिंह, सुरजीत सिंह, बलविंद्र सिंह, बलवीर सिंह, छावेग सिंह, रमेश सिंह, दीवान सिंह, मोहन सिंह, सोहन सिंह, रक्षपाल, बाबू और सतनाम सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement