*पठानकोट में बंदूक की नोक पर XUV-500 लूटी, पंजाब-जम्मू में हाई अलर्ट*
*आतंकी वारदात में वाहन के इस्तेमाल की आशंका, कठुआ-जम्मू मार्ग पर पुलिस ने बढ़ाई निगरानी*
पठानकोट। पठानकोट-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पठानकोट शहर के डाउनटाउन इलाके में हथियारबंद बदमाशों द्वारा बंदूक की नोक पर सफेद रंग की महिंद्रा XUV-500 लूटे जाने के बाद पंजाब और जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। आशंका जताई जा रही है कि लूटी गई गाड़ी का इस्तेमाल किसी आतंकी वारदात को अंजाम देने में किया जा सकता है। घटना के बाद पुलिस ने पठानकोट, कठुआ, सांबा और जम्मू मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर), जम्मू की ओर से सोमवार को जारी अलर्ट के मुताबिक, अज्ञात हथियारबंद लोगों ने चालक को बंदूक की नोक पर अगवा कर लिया और वाहन समेत कठुआ की ओर ले गए। लूटी गई गाड़ी का पंजीकरण नंबर PB 35AA-9902 बताया गया है। वाहन बमियाल क्षेत्र के एक व्यक्ति का बताया जा रहा है।
अलर्ट जारी होने के बाद संबंधित पुलिस अधिकारियों और इकाइयों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पठानकोट-कठुआ-सांबा-जम्मू मार्ग पर पुलिस नाके बढ़ाने के साथ ही पीसीआर टीमों और थाना प्रभारियों को भी चौकसी बरतने को कहा गया है। हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को विशेष रूप से सफेद रंग की XUV-500 गाड़ियों पर नजर रखने और संदिग्ध वाहन दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
खुफिया एजेंसियों से जुड़े सूत्रों के अनुसार, वाहन भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे क्षेत्र का है। वहीं, वारदात के पीछे नशा तस्करों का हाथ होने की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
यह वारदात थाना सुजानपुर क्षेत्र में हुई है। थाना प्रभारी अरुण शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। अभी तक हथियारबंद आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है।



