*उगते सूर्य को अर्घ्य देकर मुख्यमंत्री धामी ने किया छठ महापर्व का समापन*
*बाइस पुल छठ घाट पर पहुंचकर की पूजा-अर्चना, व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को दी पर्व की शुभकामनाएं*
खटीमा। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सोमवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेलाघाट स्थित शारदा नदी के बाइस पुल छठ घाट पर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर छठ महापर्व का पारंपरिक रूप से समापन किया। मुख्यमंत्री ने छठी मइया से प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने छठ व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर उन्हें महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वह बचपन से ही खटीमा में छठ पूजा के आयोजनों में शामिल होते रहे हैं। छठ महापर्व महिलाओं की कठिन तपस्या, अटूट आस्था, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। यह पर्व परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्यता की कामना के साथ मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा लघु भारत की तरह है, जहां विभिन्न समाज और समुदायों के लोग सभी त्योहारों को आपसी सौहार्द, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाते हैं। गृह क्षेत्र होने के नाते उनका प्रयास रहता है कि यहां आयोजित होने वाले प्रमुख पर्वों और धार्मिक आयोजनों में वह लोगों के बीच उपस्थित रहें।
मुख्यमंत्री के छठ घाट पहुंचने पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं ने प्रसन्नता व्यक्त की। पूजा-अर्चना और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही घाट पर छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



