*रमपुरा में कन्याओं ने कराया माता रानी का विशाल जागरण*
*भारत भूषण चुघ ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल*
रुद्रपुर। वार्ड नंबर 24 स्थित रमपुरा में माता रानी का विशाल जागरण आयोजित किया गया। जागरण की विशेषता यह रही कि इसका आयोजन कन्याओं की ओर से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं समाजसेवी भारत भूषण चुघ ने दीप प्रज्वलित कर और माता रानी के समक्ष शीश नवाकर आशीर्वाद लेकर किया। इससे पूर्व पंडित जयशंकर शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई।
जागरण में भजन गायक जतिन शर्मा, नैंसी ग्रोवर, अमित श्याम, दिनेश यादव और मास्टर बाबी ने माता रानी के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। गायकों ने ‘माता जिनको याद करें, वो लोग निराले होते हैं’, ‘तूने मुझे बुलाया शेरावालिए’, ‘आ मां आ, तुझे दिल ने पुकारा’ और ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ जैसे भजनों से माता रानी का गुणगान किया। भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन रहे।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि भारत भूषण चुघ ने कहा कि माता रानी के जागरण में शामिल होने और भजनों का श्रवण करने से मन को शांति मिलती है तथा सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कन्याओं की ओर से जागरण आयोजित किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि आज की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। धर्म, शिक्षा, राजनीति और सामाजिक कार्यों सहित विभिन्न क्षेत्रों में बेटियां महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सक्रिय भागीदारी समाज के लिए प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम में संध्या, शोभा, सिमरन, लक्ष्मी, परी, तान्या, पिंकी, पूनम, नीलकंठ राणा, हीरामन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


