*जेसीज पब्लिक स्कूल ने समूहगान प्रतियोगिता में लगाई सफलता की हैट्रिक* *हिंदी और संस्कृत समूहगान में प्रथम स्थान हासिल कर ओवरऑल चैंपियन बना विद्यालय, अब रीजनल प्रतियोगिता में लेंगे भाग*

*जेसीज पब्लिक स्कूल ने समूहगान प्रतियोगिता में लगाई सफलता की हैट्रिक*

 

*हिंदी और संस्कृत समूहगान में प्रथम स्थान हासिल कर ओवरऑल चैंपियन बना विद्यालय, अब रीजनल प्रतियोगिता में लेंगे भाग*

 

रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर के विद्यार्थियों ने प्रांतीय स्तरीय राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए हिंदी और संस्कृत समूहगान, दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके साथ ही विद्यालय ने ओवरऑल प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

 

भारत विकास परिषद, उत्तराखंड (पूर्व) की विवेकानंद शाखा (विकास रत्न प्रांत) इकाई की ओर से रविवार, 25 अक्टूबर को रुद्रपुर स्थित द्रोण ग्रुप ऑफ कॉलेजेज में प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

 

प्रतियोगिता में जेसीज पब्लिक स्कूल के ध्रुव वैष्णव, आयुष्मान चौबे, हिमांशी मल्लिक, रिदिमा कोहली, आराध्या सक्सेना, शई जोशी और मौलिक मदान ने अपनी संगीत प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने सामूहिक समन्वय, अनुशासन और उत्कृष्ट गायन के जरिए निर्णायकों को प्रभावित किया। उनके प्रदर्शन में भारतीय भाषायी एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान भी झलका। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रेम गोस्वामी, सुदर्शन डोगरियाल और हरीश चंद्र जोशी शामिल रहे।

 

प्रतियोगिता में हिंदी और संस्कृत, दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल करने के साथ ओवरऑल चैंपियन बनना विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। अब विद्यालय के विद्यार्थी 15 नवंबर को मुरादाबाद में आयोजित होने वाली रीजनल स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे।

 

विद्यालय के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों और उनके प्रशिक्षकों की मेहनत एवं समर्पण की प्रशंसा करते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के निदेशक, प्रधानाचार्य, सेक्शन हेड्स और शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों तथा उनके मार्गदर्शकों को इस सफलता पर बधाई दी।

 

जेसीज पब्लिक स्कूल ने भारत विकास परिषद की समूहगान प्रतियोगिता में लगातार तीसरी बार सफलता हासिल कर अपनी उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ दिया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement