*भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित* *छात्रों को साइबर अपराध, फर्जी ऐप्स, ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक*

*भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

 

*छात्रों को साइबर अपराध, फर्जी ऐप्स, ऑनलाइन गेमिंग और डिजिटल सुरक्षा के प्रति किया जागरूक*

 

बिलासपुर (रामपुर), 27 अक्टूबर। भानु प्रताप पब्लिक स्कूल में मंगलवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कक्षा नौवीं और 11वीं के विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी मोबाइल ऐप्स की पहचान और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में सब-इंस्पेक्टर वंदना चौधरी और सब-इंस्पेक्टर दीपक सती ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते उपयोग के बीच होने वाले साइबर अपराधों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी।

 

वक्ताओं ने विद्यार्थियों को असली और फर्जी मोबाइल ऐप्स की पहचान करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ पासवर्ड, ओटीपी, निजी तस्वीरें या अन्य संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही, ऑनलाइन गेमिंग और इंटरनेट पर अजनबियों से बातचीत करते समय विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

कार्यक्रम में छात्राओं की सुरक्षा, साइबर बुलिंग और ऑनलाइन उत्पीड़न जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर अपराध की जानकारी अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित अधिकारियों को बिना झिझक दें। उन्होंने सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल व्यवहार को साइबर अपराधों से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

 

कार्यक्रम का संचालन अखिलेश मिश्रा ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य महेश चंद्रा ने दोनों पुलिस अधिकारियों का स्वागत किया और उन्हें पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे भेंट किए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन की व्यावहारिक चुनौतियों के प्रति जागरूक करना भी है। साइबर सुरक्षा की जानकारी विद्यार्थियों को सुरक्षित रहने और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने में मदद करती है।

 

कार्यक्रम में विद्यालय की कोऑर्डिनेटर नेहा कंसवाल, निखिल पांडे, पवन तिवारी और न्यूटन किशोर सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने दोनों पुलिस अधिकारियों का आभार जताया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सतर्क रहने और तकनीक का जिम्मेदारी से उपयोग करने का संदेश दिया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement