*पंतनगर में 120वें अखिल भारतीय किसान मेले का भव्य आगाज* *राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किया उद्घाटन, किसानों को मिलेंगी उन्नत बीज व आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी*

*पंतनगर में 120वें अखिल भारतीय किसान मेले का भव्य आगाज*

*राज्यपाल गुरमीत सिंह ने किया उद्घाटन, किसानों को मिलेंगी उन्नत बीज व आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी*

पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ हुआ। छह अक्टूबर तक चलने वाले मेले का उद्घाटन उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने किया। कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि विपणन मंत्री गणेश जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

उद्घाटन के बाद राज्यपाल ने कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप के साथ मेला परिसर का भ्रमण किया। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित कृषि उत्पादों, उन्नत तकनीकों, बीजों, कृषि उपकरणों और किसानों के लिए उपयोगी सामग्री की जानकारी ली। करीब आधे घंटे के भ्रमण के बाद गांधी हाल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल किसानों को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने के साथ विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। विश्वविद्यालय की ओर से तैयार विभिन्न साहित्य का विमोचन भी किया जाएगा।

मेले में किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्नत बीजों से लेकर आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि उपकरण और विभिन्न कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। विभिन्न संस्थानों, कृषि विभागों और कृषि क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठानों की ओर से लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, तकनीकी संसाधनों और कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नए प्रयोगों की जानकारी दी जा रही है।

मेले का मुख्य उद्देश्य किसानों को कृषि क्षेत्र में विकसित हो रही आधुनिक तकनीकों और उन्नत संसाधनों से परिचित कराना है। किसानों को कृषि उत्पादन बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण बीजों के उपयोग और आधुनिक तकनीकों को अपनाने से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

ब्रीडर बीज पर 15 प्रतिशत छूट

इस बार किसान मेले में किसानों को ब्रीडर बीज की खरीद पर विशेष छूट दी जा रही है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने ब्रीडर बीज पर मिलने वाली सामान्य 10 प्रतिशत छूट को बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है। गुणवत्तापूर्ण बीज किसानों को कम दर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छूट में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। इससे किसानों को उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण बीज खरीदने में अतिरिक्त लाभ मिलेगा।

मेले में विभिन्न किस्मों के बीजों के साथ कृषि क्षेत्र से जुड़ी अन्य सामग्री भी उपलब्ध रहेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने किसानों की सुविधा के लिए कृषि से संबंधित जानकारी और संसाधनों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया है, ताकि किसान अपनी जरूरत के अनुसार जानकारी हासिल कर सकें और कृषि क्षेत्र में उपलब्ध नई तकनीकों से परिचित हो सकें। बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने मेले की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement