आंगन मिलन सेवा सप्ताह में गर्भवती महिलाओं और बच्चों को वितरित किया पुष्टाहार
रुद्रपुर। आंगन मिलन सेवा सप्ताह के अंतर्गत ट्रांजिट कैंप स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 2/5 में शुक्रवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं और बच्चों को पुष्टाहार के साथ फल एवं बिस्किट के पैकेट वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा नेत्री एवं पूर्व पालिका अध्यक्ष श्रीमती मीना शर्मा ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रंजीता अरोड़ा और सहायिका कमला का पीत वस्त्र पहनाकर एवं फूल माला से स्वागत किया। उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों को पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र की सेवाओं का लाभ लेने का आह्वान किया।
इससे पूर्व केंद्र में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। श्रीमती मीना शर्मा ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री के विचार आज भी समाज को सत्य, सादगी और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे।


