*ताई ची वॉकिंग’ के नाम पर साइबर ठगी का जाल, लुभावने विज्ञापनों से सावधान*

*ताई ची वॉकिंग’ के नाम पर साइबर ठगी का जाल, लुभावने विज्ञापनों से सावधान*

नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘ताई ची वॉकिंग’ के जरिए महज सात मिनट में पेट की चर्बी कम करने और तेजी से वजन घटाने का दावा करने वाले वीडियो और विज्ञापन तेजी से प्रसारित हो रहे हैं। साइबर ठग इन्हीं लुभावने दावों का इस्तेमाल कर लोगों, खासकर बुजुर्गों और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी तलाशने वाले यूजर्स को ठगी का शिकार बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
साइबर ठगी के लिए ठग पहले वजन कम करने और फिटनेस का झांसा देकर यूजर्स से संदिग्ध मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाते हैं। इसके बाद उन्हें निजी या गुप्त चैट ग्रुप में जोड़कर पेड सब्सक्रिप्शन और विशेष फिटनेस सामग्री के नाम पर भुगतान करने के लिए प्रेरित किया जाता है। कई मामलों में संदिग्ध लिंक पर क्लिक कराने के जरिए बैंक खाते या कार्ड से रकम निकालने की कोशिश की जाती है।
ऐसे रहें सुरक्षित
साइबर विशेषज्ञों के मुताबिक सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक लेकिन संदिग्ध विज्ञापनों पर बिना जांच के भरोसा नहीं करना चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने या संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने से बचें। सोशल मीडिया और बैंकिंग खातों में मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (MFA) जरूर सक्रिय रखें।
यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो तत्काल संबंधित बैंक को सूचना देकर जरूरी सुरक्षा कदम उठाएं और अपने पासवर्ड बदलें। साइबर अपराध की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
Advertisement
Advertisement
Advertisement