*अंकित बालियान हत्याकांड की साजिश कनाडा में बैठे शाहपुरिया ने रची : डीजीपी* *गोगी गैंग के खिलाफ गाना बनाने पर हुई हत्या, मुठभेड़ में शामिल पुलिसकर्मियों को दो-दो लाख का इनाम*

Spread the love

*अंकित बालियान हत्याकांड की साजिश कनाडा में बैठे शाहपुरिया ने रची : डीजीपी*

*गोगी गैंग के खिलाफ गाना बनाने पर हुई हत्या, मुठभेड़ में शामिल पुलिसकर्मियों को दो-दो लाख का इनाम*

लखनऊ। हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में गोगी गैंग की भूमिका सामने आई है। प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने सोमवार को पुलिस मुख्यालय में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि जांच में सामने आया है कि अंकित बालियान की हत्या की साजिश कनाडा में बैठे शाहपुरिया ने रची थी। हत्या की मुख्य वजह गोगी गैंग के खिलाफ अंकित द्वारा बनाया गया गाना बताया जा रहा है।

डीजीपी ने बताया कि हत्याकांड को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया। आरोपियों ने कई दिनों तक अंकित की रेकी की और इसके बाद वारदात को अंजाम दिया। शूटरों को बाहर से हथियार उपलब्ध कराए गए थे। वारदात के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे, लेकिन पुलिस टीमें उन पर नजर बनाए हुए थीं। ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।

अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने बताया कि हत्याकांड में कुल छह लोग शामिल थे। इनमें से दो आरोपी सोमवार को पुलिस कार्रवाई में मारे गए हैं, जबकि फरार चल रहे अन्य चार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

संरक्षण देने वालों पर भी होगी कार्रवाई

डीजीपी राजीव कृष्ण ने कहा कि हत्याकांड में केवल शूटर ही नहीं, बल्कि उन्हें हथियार उपलब्ध कराने और किसी भी स्तर पर सहयोग या संरक्षण देने वाले लोगों की भूमिका भी तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है और हत्याकांड की चेन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की सीमा से बाहर बैठकर कोई यह न सोचे कि कानून के हाथ उस तक नहीं पहुंचेंगे। मामले में केंद्र सरकार की एजेंसियों से भी संपर्क किया जा रहा है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट हो जाएगी।

डीजीपी के अनुसार हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने 11 टीमें गठित की हैं। पुलिस वैज्ञानिक और तकनीकी तरीकों के साथ-साथ खुफिया सूचनाओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि हत्याकांड में शामिल मोहित के खिलाफ हरियाणा में 14 मुकदमे दर्ज हैं।

डीजीपी ने हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मियों को दो-दो लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि जांच में कनाडा में बैठे शाहपुरिया की हत्या की साजिश रचने में मुख्य भूमिका सामने आई है और मामले से जुड़े सभी आरोपियों तक पुलिस पहुंचने के लिए कार्रवाई कर रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *