*जेसीज में पांच दिवसीय अंतरविद्यालयी जेपीएस बैडमिंटन प्रतियोगिता का समापन*
*21 विद्यालयों के 243 खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग, खेले गए 200 से अधिक मुकाबले*
*पढ़ाई के साथ खेलों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लें विद्यार्थी: सुरजीत सिंह ग्रोवर*
*ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे आज के युवा खिलाड़ी: प्रकाश चंद्र जोशी*
*जेपीएस बैडमिंटन प्रतियोगिता में विजेताओं का सम्मान, प्रतिभागियों का बढ़ाया हौसला*
रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल में आयोजित पांच दिवसीय आठवीं अंतरविद्यालयी जेपीएस बैडमिंटन प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में 21 विद्यालयों के 243 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न आयु वर्गों में 200 से अधिक मुकाबले खेले गए। समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समापन समारोह में जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष पुष्कर राज जैन मुख्य अतिथि रहे, जबकि आर्यमान विक्रम बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग, हल्द्वानी के प्रधानाचार्य प्रवेश मेहरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र जोशी ने मुख्य अतिथि, अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज के युवा खिलाड़ी भविष्य में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए ओलंपिक जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने में सक्षम होंगे। विद्यालय प्रबंधन समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान समय में खेलों के क्षेत्र में बेहतर करियर की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि पुष्कर राज जैन ने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखने और खेल नियमों का पालन करने की अपील की।
ये रहे विभिन्न वर्गों के विजेता
अंडर-19 बालक एकल में डीपीएस रुद्रपुर के करन लोहनी ने प्रथम, जेपीएस रुद्रपुर के प्रतीक रावत ने द्वितीय तथा ऑरम पब्लिक स्कूल, हल्द्वानी के एकांश कालाकोटी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालिका एकल में आर्यमान विक्रम बिड़ला स्कूल, हल्द्वानी की अर्पिता जोशी प्रथम, आरएएन स्कूल रुद्रपुर की इताशा भारद्वाज द्वितीय और जेपीएस रुद्रपुर की सुरभि कोरंगा तृतीय स्थान पर रहीं।
अंडर-17 बालिका युगल में आर्यमान विक्रम बिड़ला स्कूल की अर्पिता और मीनाक्षी की जोड़ी प्रथम रही। शैमफोर्ड स्कूल, हल्द्वानी की हर्षिता और हर्षिता तिवारी ने द्वितीय तथा आरएएन पब्लिक स्कूल रुद्रपुर की इताशा और आराध्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालक एकल में डीपीएस रुद्रपुर के करन लोहनी प्रथम, जेपीएस रुद्रपुर के प्रशांत गुसाईं द्वितीय तथा होली चाइल्ड स्कूल के रुद्राक्ष नारंग तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-17 बालक युगल में एमेनिटी पब्लिक स्कूल के आयुष्मान विर्क एवं रुद्राक्ष भंडारी की जोड़ी प्रथम, आरएएन स्कूल के आदित्य बिश्नोई एवं अभिमन्यु द्वितीय तथा होली चाइल्ड स्कूल के रुद्राक्ष एवं गौरव तृतीय स्थान पर रहे।
अंडर-14 बालक एकल में डीपीएस रुद्रपुर के करन लोहनी प्रथम, सेंट थेरेसा स्कूल हल्द्वानी के अंगद सिंह द्वितीय तथा सिंथिया स्कूल हल्द्वानी के शौर्य बोरा तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-14 बालक युगल में सिंथिया स्कूल हल्द्वानी के भावेश जोशी एवं शौर्य बोरा प्रथम, सेंट थेरेसा स्कूल के अंगद सिंह एवं कनिष्क कर्नाटक द्वितीय तथा जेपीएस रुद्रपुर के हर्षित पांडे और अभिज्ञान सिंह तृतीय स्थान पर रहे।
वहीं, अंडर-14 बालिका एकल में आर्यमान विक्रम बिड़ला स्कूल की अर्पिता जोशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समर स्टडी स्कूल, काशीपुर की आरुही द्वितीय तथा एमेनिटी स्कूल की रेतन्या जोशी तृतीय स्थान पर रहीं।
विद्यालय के निदेशक सुधांशु पंत ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और प्रतिभागी खिलाड़ियों का आभार व्यक्त करते हुए विजेताओं को बधाई दी। मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र व ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।











