*उज्जैन महाकाल मंदिर परिसर में भगदड़, कई श्रद्धालु घायल*
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर परिसर में सोमवार को करंट फैलने की अफवाह के बाद अचानक भगदड़ मच गई। घटना में कई श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है। भगदड़ के चलते मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही मंदिर प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजे जाने की जानकारी है। घटना के बाद मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।










