*डीपीएसआर मॉडल यूनाइटेड नेशंस-2026 का भव्य समापन*
*25 विद्यालयों के 700 से अधिक प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा, हल्द्वानी के इंस्पिरेशन स्कूल को मिला बेस्ट डेलीगेशन अवॉर्ड*
रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर में आयोजित दो दिवसीय डीपीएसआर मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN)-2026 का भव्य समापन हुआ। सम्मेलन में उधम सिंह नगर, नैनीताल, हल्द्वानी, बिजनौर और आसपास के क्षेत्रों के 25 प्रतिष्ठित विद्यालयों से पहुंचे 700 से अधिक प्रतिनिधियों ने विभिन्न वैश्विक मुद्दों पर बहस, कूटनीति, नेतृत्व और नीति-निर्माण की प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह की शुरुआत विद्यालय के बैंड की आकर्षक प्रस्तुति से हुई। इसके बाद डीपीएसआर एमयूएन-2026 की आफ्टर मूवी प्रदर्शित की गई, जिसमें सम्मेलन के दौरान विभिन्न समितियों की कार्यवाही, बहस, टीमवर्क, नेतृत्व और प्रतिभागियों के यादगार पलों को दर्शाया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि बाजपुर की उपजिलाधिकारी डॉ. अमृता शर्मा रहीं। विशिष्ट अतिथियों में वीबी नैनवाल, अरविंद मोंगा, कपिल सचदेवा, पीसी जोशी, रजनीश एवं सहयोगी, डॉ. संजीव सुमन तथा हरिंदर सिंह शामिल रहे।
मुख्य अतिथि डॉ. अमृता शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मॉडल यूनाइटेड नेशंस जैसे मंच युवाओं में वैश्विक दृष्टिकोण, तार्किक चिंतन, प्रभावी संवाद और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से विविध विचारों का सम्मान करने और समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य चेतन चौहान ने कहा कि डीपीएसआर एमयूएन विद्यार्थियों को केवल प्रतिस्पर्धा का अवसर नहीं देता, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, कूटनीतिक सोच, आलोचनात्मक चिंतन, टीमवर्क, प्रभावी संचार और जिम्मेदार वैश्विक नागरिकता के गुण विकसित करता है।
मेजबान स्कूल ने खुद नहीं लिया पुरस्कार
समारोह में पुरस्कार वितरण आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। सम्मेलन के समग्र प्रदर्शन के आधार पर दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर का प्रतिनिधिमंडल बेस्ट डेलीगेशन अवॉर्ड का प्रबल दावेदार रहा। हालांकि मेजबान संस्थान होने के कारण निष्पक्षता और प्रतिस्पर्धा की गरिमा बनाए रखने के लिए विद्यालय प्रबंधन ने यह पुरस्कार स्वयं स्वीकार नहीं किया। इसके बाद प्रतिष्ठित बेस्ट डेलीगेशन अवॉर्ड इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी को प्रदान किया गया।
वहीं हाइएस्ट स्कूल डेलीगेशन अवॉर्ड आर्यमान विक्रम बिड़ला स्कूल, हल्द्वानी को मिला। सम्मेलन की विभिन्न 17 समितियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को बेस्ट डेलीगेट, हाई कमेंडेशन, स्पेशल मेंशन, बेस्ट बिगिनर, चेयर्स चॉइस, कमेटी चॉइस, ऑनरेबल मेंशन, बेस्ट टीम, रनर-अप और स्पेशल ज्यूरी सहित विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।
यूएनएससी, यूएनएचआरसी, विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ, संयुक्त राष्ट्र महिला आयोग, विश्व व्यापार संगठन, एआईपीपीएम, रुद्रपुर अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट काउंसिल, जंगल बुक, सत्युग, शार्क टैंक, मूट कोर्ट, इंटरनेशनल प्रेस और आईपीएल ऑक्शन समेत विभिन्न समितियों में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट वक्तृत्व, शोध, कूटनीतिक कौशल, नीति-निर्माण और नेतृत्व क्षमता के लिए विजेताओं को ट्रॉफी और पदक प्रदान किए गए।
धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ दो दिवसीय डीपीएसआर एमयूएन-2026 का समापन हुआ। सम्मेलन विद्यार्थियों के लिए संवाद, सहयोग, नेतृत्व, आत्मविश्वास और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने का प्रेरणादायी मंच साबित हुआ।







