*हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड की बैठक में 16 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित*

Spread the love

*हल्द्वानी नगर निगम बोर्ड की बैठक में 16 प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित*

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की बोर्ड बैठक गुरुवार को महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में निगम सभागार में आयोजित हुई। बैठक में नगर विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े 16 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक शुरू होने से पहले उत्तराखंड सरकार द्वारा मनोनीत आठ पार्षदों को महापौर ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा नगर हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान डोर-टू-डोर यूजर चार्ज संग्रहण के लिए मोबाइल ऐप का शुभारंभ भी किया गया। निगम अधिकारियों के अनुसार डिजिटल व्यवस्था लागू होने से शुल्क संग्रहण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनेगी। बैठक में महापौर की ओर से 12 तथा पार्षदों की ओर से चार जनहित प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, जिन पर चर्चा के बाद सभी को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।

बोर्ड ने नगर निगम की किरायेदारी दुकानों के किराये में 50 प्रतिशत वृद्धि करने तथा 31 अक्टूबर 2026 तक किराया जमा करने पर निर्धारित छूट देने का निर्णय लिया। इसके अलावा नगर क्षेत्र में 200 विद्युत पोल एवं तार लगाने, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए नई गाड़ियां, ट्रैक्टर एवं टैंकर खरीदने, नगर निगम मुख्य भवन का विस्तार कर सिंगल विंडो व्यवस्था विकसित करने तथा सुभाष नगर स्थित भवन में क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित करने के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए।

बैठक में महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थापना के लिए भूमि चयन, 50 टीपीडी फ्रेश वेस्ट प्लांट से संबंधित अवशेष भुगतान, गंगापुर कबड़वाल गोशाला में बायोगैस प्लांट और मृत गोवंश के वैज्ञानिक निस्तारण के लिए इंसिनरेटर लगाने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अंतर्गत उपविधियां तैयार करने, ट्यूबवेल निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने तथा आरोग्य मंदिर के अनुबंध पर विचार करने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किए गए।

पार्षदों की ओर से सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर स्थापित करने, यूयूएसडीए द्वारा बनाई जा रही सड़कों के साथ नालियों का निर्माण अनिवार्य करने, आवासीय क्षेत्रों में संचालित कबाड़ की दुकानों को हटाने तथा भविष्य में ऐसी दुकानों पर रोक लगाने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए। साथ ही पूर्व में कराए गए विकास कार्यों की कार्योत्तर स्वीकृति भी बोर्ड ने प्रदान की।

बैठक को संबोधित करते हुए महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम का प्रत्येक निर्णय नागरिक सुविधाओं, पारदर्शिता और समग्र विकास को ध्यान में रखकर लिया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि पारित प्रस्तावों से नगर के सुनियोजित विकास, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं को नई गति मिलेगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *