*अमरनाथ यात्रा पर जा रही बस के फेल हुए ब्रेक 49 श्रद्धालु थे सवार…ड्राइवर ने ऐसे टाला बड़ा हादसा*
हिमाचल प्रदेश के देहरा में मुबारिकपुर-रानीताल नैशनल हाईवे-503 पर वीरवार को एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां ढलियारा के खूनी कहलाने वाले खतरनाक तीखे मोड़ों पर अमरनाथ यात्रा पर जा रही एक निजी बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। बस में 49 श्रद्धालु सवार थे। मौत को सामने देख बस में चीख-पुकार मच सकती थी, लेकिन बस चालक की अदम्य सूझबूझ और फुर्ती ने सभी की जान बचा ली।
ड्राइवर ने ऐसे टाला मौत का मंजर
जानकारी के अनुसार राजस्थान के जयपुर से अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का एक जत्था निकला था। वीरवार को जब उनकी बस ढलियारा के तीखे मोड़ों से गुजर रही थी, तभी अचानक बस के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। ऐसे खौफनाक वक्त में ड्राइवर ने संयम नहीं खोया। उसने शिव मंदिर वाले तीखे मोड़ से ठीक पहले बस को सड़क किनारे मौजूद एक खुली जगह की तरफ मोड़ दिया। बस वहीं जाकर रुक गई और एक संभावित बड़ी त्रासदी टल गई। यदि चालक चंद सैकेंड की भी देरी करता, तो अगले मोड़ पर बस सीधे गहरी खाई में जा सकती थी
यात्रियों ने कहा- बाबा बर्फानी ने बचाई जान
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री को खरोंच तक नहीं आई, हालांकि बस को मामूली नुक्सान पहुंचा है। सुरक्षित बचने के बाद डरे-सहमे श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और बस चालक की जमकर तारीफ की।







