जेसीज पब्लिक स्कूल में पूर्व छात्रों का भावपूर्ण स्वागत

जेसीज पब्लिक स्कूल में पूर्व छात्रों का भावपूर्ण स्वागत

बॉलीवुड अभिनेता सौरभ गोयल पहुंचे अपने पुराने विद्यालय

सौरभ गोयल और आकाश आहूजा ने बढ़ाया छात्रों का उत्साह

मेहनत और समर्पण से सपने होते हैं साकार : सौरभ गोयल

विद्यालय के प्रथम हेड बॉय आकाश आहूजा ने साझा किए अनुभव

पूर्व छात्रों के आगमन से गौरवपूर्ण बना जेसीज स्कूल परिसर

 

रुद्रपुर। जेसीज पब्लिक स्कूल में सोमवार को उस समय गौरवपूर्ण और भावुक माहौल बन गया, जब विद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व छात्र एवं बॉलीवुड अभिनेता सौरभ गोयल तथा विद्यालय के प्रथम हेड बॉय रहे वरिष्ठ पत्रकार आकाश आहूजा ने अपने पुराने विद्यालय का दौरा किया। दोनों पूर्व छात्रों के आगमन पर विद्यालय परिवार ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

विद्यालय के वर्ष 2003 बैच के छात्र रहे सौरभ गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय से मिली शिक्षा, संस्कार और मार्गदर्शन ने उनके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि मेहनत, धैर्य और समर्पण के बल पर उन्होंने बॉलीवुड एवं ओटीटी जगत में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने “संकल्प”, “दलदल”, “छोरी-2”, “सरफिरा” और “क्राइम पेट्रोल” जैसे प्रोजेक्ट्स में अभिनय किया है। साथ ही कई टीवी विज्ञापनों में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अभिनेता अक्षय कुमार के साथ टाटा ऐस गोल्ड वाहन के विज्ञापन में उनकी उपस्थिति को भी काफी सराहना मिली।

विद्यालय के प्रथम हेड बॉय एवं वरिष्ठ पत्रकार आकाश आहूजा ने भी विद्यार्थियों से अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

विद्यालय के निदेशक सुधांशु पंत ने दोनों पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए उनके विद्यार्थी जीवन से जुड़ी यादों को साझा किया। वहीं विद्यालय प्रबंध समिति के महासचिव सुरजीत सिंह ग्रोवर ने भी दोनों को शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर सौरभ गोयल और आकाश आहूजा ने लोक रचना समिति द्वारा आयोजित गायन प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया और उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचियों और सपनों का पूरे आत्मविश्वास के साथ अनुसरण करने का आह्वान किया।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे अवसर संस्थान और उसके पूर्व छात्रों के बीच संबंधों को और मजबूत करते हैं। कार्यक्रम के अंत में जेसीज परिवार ने दोनों अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement