डीपीएस रुद्रपुर प्रीमियर बैडमिंटन लीग का भव्य समापन, 400 से अधिक खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
चार दिवसीय बैडमिंटन लीग में 25 विद्यालयों के खिलाड़ियों ने लिया भाग
करण लोहानी का जलवा, चार खिताब जीतकर बने स्टार खिलाड़ी
बी.एस. मनकोटी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, खेल भावना पर दिया जोर
चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला
सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों व अतिथियों का जताया आभार
रुद्रपुर, 21 अप्रैल। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर में चार दिवसीय प्रथम डीपीएस रुद्रपुर प्रीमियर बैडमिंटन लीग का मंगलवार को भव्य समापन हो गया। 18 से 21 अप्रैल तक जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में 25 से अधिक विद्यालयों के 400 से ज्यादा खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान 300 से अधिक मुकाबले खेले गए, जिससे पूरे आयोजन में रोमांच और प्रतिस्पर्धा का माहौल बना रहा।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि उत्तराखंड राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन के महासचिव बी.एस. मनकोटी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में उधम सिंह नगर जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष पुष्कर राज जैन, सचिव विष्णु सक्सेना, नैनीताल जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष रितेश बिष्ट, जिम्नास्टिक एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र शर्मा एवं अधिवक्ता भूपेश चंद्र डुमका उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पंजाबी नृत्य से हुई। इसके बाद अंडर-17 वर्ग का फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसे देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा।
प्रतियोगिता में अंडर-9, अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 वर्गों में सिंगल्स व डबल्स मुकाबले आयोजित किए गए। विजेता, उपविजेता और द्वितीय उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
करण लोहानी का शानदार प्रदर्शन
प्रतियोगिता में डीपीएस रुद्रपुर के करण लोहानी ने अंडर-15 व अंडर-17 बालक सिंगल्स के साथ-साथ दोनों वर्गों के डबल्स में भी जीत दर्ज कर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं विभिन्न वर्गों में अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए खिताब अपने नाम किए।
इस अवसर पर वक्ताओं ने डीपीएस रुद्रपुर द्वारा तैयार किए गए वातानुकूलित बैडमिंटन कोर्ट और आधुनिक खेल सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की सुविधाएं खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने में सहायक सिद्ध होंगी।
मुख्य अतिथि बी.एस. मनकोटी ने विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर व डीपीएस परिवार को शैक्षणिक व खेल उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर ने कहा कि खेल केवल जीत का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का सशक्त आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समापन समारोह में विभिन्न विद्यालयों से आए कोचों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी प्रतिभागियों, अभिभावकों और अतिथियों का आभार जताया।










