NCERT की नकली किताबों का बड़ा खुलासा, 10 सदस्यीय SIT गठित
रुद्रपुर। जनपद ऊधमसिंहनगर में अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में करीब 10 करोड़ रुपये की NCERT की नकली किताबों की बरामदगी के मामले में गहन जांच के लिए 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने स्वयं संज्ञान लेते हुए SIT का गठन किया है। यह टीम पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जितेंद्र चौधरी के पर्यवेक्षण में कार्य करेगी। एसएसपी ने टीम को निर्देश दिए हैं कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत जांच कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जांच दल का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी सदर रुद्रपुर प्रशांत कुमार को सौंपा गया है। टीम में निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक उमेश कुमार, चन्दन सिंह बिष्ट, प्रियांशु जोशी सहित अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।
गौरतलब है कि 14 मार्च 2026 को कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र के एक गोदाम से भारी मात्रा में NCERT की नकली किताबें और एक ट्रक बरामद किया गया था। इस मामले में कोतवाली रुद्रपुर में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा कॉपीराइट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट कहा है कि शिक्षा के क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि और धोखाधड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। SIT टीम को पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।







