*_पटना पुलिस की छापेमारी में 7.5 करोड़ की हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद, तस्कर गिरफ्तार_*

Spread the love

*_पटना पुलिस की छापेमारी में 7.5 करोड़ की हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद, तस्कर गिरफ्तार_*
पटना : बिहार के पटना स्थित खगौल थाने की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पटना पुलिस ने छापेमारी के दौरान नैनचक मुस्तफापुर गांव में भारी मात्रा में हेरोइन और ब्राउन शुगर बरामद किया है. इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया है.
करोड़ों की हेरोइन और ब्राउन शुगर जब्त : बरामद मादक पदार्थों का कुल वजन 4.846 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 7.5 करोड़ रुपये आंकी गई है. पुलिस के अनुसार शनिवार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि खगौल थाना क्षेत्र के ग्राम नैनचक मुस्तफापुर में मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही है, जिसके बाद छापामार कार्रवाई की गई.
4.8 किलो मिला नशे का सामान : छापेमारी के दौरान पुलिस ने अभियुक्त के घर से कुल 4.846 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया, जिसमें हेरोइन और ब्राउन शुगर शामिल है. इसके साथ ही मौके से एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक तराजू, 2400 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है. पुलिस ने मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ की जा रही है.

”बरामद हेरोइन और ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 7.5 करोड़ रुपये है. प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि मादक पदार्थ की यह खेप मुख्य रूप से नॉर्थ ईस्ट के इलाकों से लाई जाती थी. तस्करी के इस नेटवर्क में शामिल लोगों को माल लाने के एवज में करीब एक लाख रुपये दिए जाते थे.”- कार्तिकेय के शर्मा, एसएसपी पटना
ट्रेन से की जाती थी तस्करी : पटना एसएसपी के अनुसार मादक पदार्थ की सप्लाई ज्यादातर ट्रेन के माध्यम से की जाती थी. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. इस पूरे नेटवर्क का मुख्य सरगना फिलहाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
जब्त होगी तस्करी से अर्जित संपत्ति : एसएसपी कार्तिकेय के. शर्मा ने यह भी कहा कि मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच की जाएगी. एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्करों की काली कमाई से अर्जित संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी.

‘तस्करी की सूचना इस नंबर पर दें..’ : पटना पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थ से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना पुलिस को दें. इसके लिए पुलिस ने मोबाइल नंबर 8102488655 जारी किया है. पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *