*_’ट्रंप पीएम मोदी को भी किडनैप कर लेंगे?’ कांग्रेस नेता का विवादास्पद बयान_*
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादास्पद बयान दिया है. उन्होंने कहा कि क्या वेनेजुएला की तरह ट्रंप भारत के प्रधानमंत्री को भी किडनैप कर लेंगे. उन्होंने पूछा कि क्या अमेरिकी सेना भारत में भी वैसा ही ऑपरेशन करेगी जैसा उन्होंने वेनेजुएला के मौजूदा राष्ट्रपति के साथ किया.
पृथ्वीराज चव्हाण ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए सवाल किया, “क्या वेनेजुएला में जो हुआ, वैसा ही भारत में भी होगा? क्या ट्रंप हमारे प्रधानमंत्री को किडनैप कर लेंगे?”
कांग्रेस नेता की यह विवादास्पद टिप्पणी अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की उस कथित धमकी के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर भारत उनकी बात नहीं मानता है तो वह टैरिफ बढ़ा देंगे.
चव्हाण ने कहा, “50 प्रतिशत टैरिफ के साथ, व्यापार मुमकिन ही नहीं है. वास्तव में, यह भारत-US ट्रेड को रोकने जैसा है, खासकर भारत से अमेरिका को होने वाले निर्यात को. क्योंकि सीधे प्रतिबंध नहीं लगाया जा सकता, इसलिए टैरिफ को ट्रेड रोकने के लिए एक टूल की तरह इस्तेमाल किया गया है. भारत को यह झेलना होगा.”अमेरिका की तरफ से एकतरफा 50 प्रतिशत टैरिफ के भारत पर प्रभाव के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “हमारे लोग पहले अमेरिका को सामान भेजकर जो मुनाफा कमाते थे, वह अब नहीं मिलेगा. हमें दूसरे बाजार देखने होंगे, और उस दिशा में कोशिशें पहले से ही चल रही हैं.”
उन्होंने आगे कहा, “वह (ट्रंप) और अधिक टैक्स लगा सकते हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता क्योंकि दोनों देशों के बीच व्यापार पहले ही रुक चुका है.” उन्होंने भारत को ‘कंट्रोल’ करने के लिए टैरिफ बढ़ाने की ट्रंप की कथित धमकी के बारे में भी बात की.चव्हाण के इस बयान पर अभी तक भाजपा की तरफ से प्रतिक्रिया नहीं आई हैं, लेकिन इस पर नया राजनीतिक हंगामा खड़ा होना तय है.
ऑपरेशन सिंदूर पर भी उठा चुके हैं सवाल
महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री चव्हाण ने पिछले महीने भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर के प्रभाव पर सवाल उठाए थे. जिससे वह आलोचनाओं के घेरे में आ गए थे. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के पहले दिन ही भारत पाकिस्तान से हार गया था और 7 मई को हमले के दौरान भारतीय एयरक्राफ्ट लगभग ‘ग्राउंडेड’ हो गए थे क्योंकि पाकिस्तान द्वारा मार गिराए जाने का खतरा था.हाल ही में अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला में बड़ा ऑपरेशन किया और वहां राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को पकड़कर अमेरिका ले लिए. दोनों पर अमेरिका में मुकदमा चलाया जा रहा है.
डोनाल्ड ट्रंप की कथित धमकी
बीते दिनों अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हुआ, जिसमें उन्हें यह चेतावनी देते हुए सुना गया कि अगर भारत ने रूस से तेल का आयात कम नहीं किया तो वह भारत पर टैरिफ बढ़ा देंगे. ट्रंप ने एयर फोर्स वन में पत्रकारों से कहा, “वे व्यापार करते हैं. हम उन पर बहुत तेजी से टैरिफ बढ़ा सकते हैं, और यह उनके लिए बहुत बुरा होगा.” उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “अच्छे आदमी” हैं, और वह जानते थे कि मैं खुश नहीं था, और मुझे खुश करना जरूरी था.”






