*_सहारनपुर में रफ्तार का कहर; अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार, दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत_*

*_सहारनपुर में रफ्तार का कहर; अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई कार, दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत_*

सहारनपुर: शनिवार को सहारनपुर के कोतवाली बेहट इलाके में सड़क हादसा हो गया. शाकंभरी रोड पर एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई. कार की टक्कर इतनी तेज हुई कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई. हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

कार अनियंत्रित होने के कारण हादसा: एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को काट कर शवों को बाहर निकाला गया. थाना चिलकाना इलाके के गांव तिलफड़ा के रहने वाले विजय अपने भाई मनीष, थाना गागलहेड़ी इलाके के गांव राव महमूद उर्फ शयद माजरा निवासी जितेंद्र और अन्य साथी के साथ किसी काम से जा रहे थे. जैसे ही उनकी स्विफ्ट कार शाकंभरी देवी रोड़ पर पहुंची, तो अचानक ड्राइवर ने गाड़ी से कंट्रोल खो दिया.

कार पेड़ से टकराने पर हुई तेज आवाज: कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे भारी भरकम पेड़ से टकरा गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार बहुत तेज रफ्तार में थी. कार के पेड़ से टकराने की आवाज इतनी तेज हुई कि आसपास के लोग सहम गए. राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा तफरी मच गई. आनन फानन में सभी लोग मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शवों को कार से बाहर निकाला.

 

क्षतिग्रस्त वाहन सड़क से हटाया गया: एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि कार में सवार लोगों की जेब से मिले कागजों के आधार पर मृतकों की पहचान की गई. विजय और मनीष दोनों सगे भाई थे. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. शुरुआती जांच से पता चलता है कि हादसे की वजह तेज रफ्तार थी. पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. हादसे के बाद शाकंभरी रोड पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक बाधित रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर सड़क पर ट्रैफिक बहाल किया.

Advertisement
Advertisement
Advertisement