*_पंजाब के राज्यपाल बोले- भारत धर्मशाला नहीं, केवल भारतीय ही यहां रहें, बाकी लौटें अपने देश_*
उदयपुर: देश के 12 राज्यों में जारी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बयानबाजी का दौर जारी है. इस बीच पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने रविवार को उदयपुर में कहा कि देश में चल रही सुरक्षा एवं पहचान संबंधी प्रक्रियाओं का उद्देश्य व्यवस्था और नागरिक हित सुरक्षित करना है. उन्होंने साफ कहा कि जो भारतीय हैं, वे यहां खुशहाली से रहें और जो बाहरी हैं, उन्हें अपने देश लौट जाना चाहिए. भारत कोई धर्मशाला नहीं है कि हर कोई आकर इसका उपयोग करता रहे.
उदयपुर में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया देश के संसाधनों की सुरक्षा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा को मजबूत करती है. देश में किसकी पहचान पंजीकृत है, कौन नागरिक है और कौन अवैध रूप से वर्षों से रह रहा है ? यह स्पष्ट होना चाहिए.
कटारिया ने यूनिवर्सिटी गेम्स में खेल प्रतिभाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि खेल भविष्य को सुरक्षित और अनुशासित बनाते हैं. युवाओं को खेलों में ज्यादा भागीदारी करनी चाहिए. कटारिया ने कहा कि खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स देश की युवा प्रतिभाओं के लिए मजबूत मंच साबित हो रहा है. खेल न केवल शारीरिक फिटनेस बढ़ाते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना भी विकसित करते हैं.






