*_भीषण हादसा : दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रक से टकराई कार, चार लोगों की मौत, 5 घायल_*

*_भीषण हादसा : दिल्ली-जयपुर हाईवे पर ट्रक से टकराई कार, चार लोगों की मौत, 5 घायल_*

जयपुर : राजस्थान में जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर रतनपुरा गांव के पास रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग इस हादसे में घायल हुए हैं. घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मृतकों के शवों को भी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. कार सवार लोग मेहंदीपुर बालाजी से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे. कार में सवार लोग बीकानेर, हरियाणा और दौसा के बताए जा रहे हैं. रास्ते में तेज गति में ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई. हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

कार में सवार थे 9 लोग : शाहपुरा वृत्ताधिकारी मुकेश कुमार जोशी ने बताया कि यह हादसा दौसा-मनोहरपुर के बीच रतनपुरा के पास हुआ है, जहां एक सवारी गाड़ी और ट्रक में जोरदार टक्कर हो गई. इस हादसे में चार लोगों ने जान गंवाई है, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं. इनमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सवारी गाड़ी में कुल 9 लोग सवार थे. इनमें से कुछ लोग बीकानेर और हरियाणा के हैं, जबकि कुछ दौसा के हैं. घायलों और मृतकों की पहचान करने ने पुलिस जुटी है.

क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर खुलवाया जाम : हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना मिलने पर रायसर, चंदवाजी और मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया गया. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. पुलिस ने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया.

कार के परखच्चे उड़े, शव चिपक गए : यह हादसा इतना भीषण था कि ट्रक की टक्कर से कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दो मृतकों के शव कार के क्षतिग्रस्त हिस्सों में फंस गए. रायसर थानाधिकारी हेमराज सिंह और चंदवाजी थानाधिकारी हीरालाल सैनी जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को क्षतिग्रस्त कार से निकलवाया. मृतकों के शव मोर्चरी में रखवाए गए हैं. प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि कार सवार लोग मेहंदीपुर बालाजी से खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे थे. इसी दौरान यह हादसा हुआ.

Advertisement
Advertisement
Advertisement