*21 पेटी अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार*
*रसोयापुर के पास चेकिंग के दौरान सितारगंज पुलिस की कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त कार भी कब्जे में ली*
सितारगंज। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देश पर जिले में नशे एवं अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली सितारगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 21 पेटियों में भरी 945 ट्रेटा पैक देशी शराब बरामद करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार 29 अगस्त को पुलिस चौकी सरकड़ा की टीम रसोयापुर के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें 21 पेटियों में कुल 945 ट्रेटा पैक देशी शराब ब्रांड ‘माल्टा’ बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार सवार सन्नी सयाल और तुषार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सन्नी सयाल पुत्र सुदेश सयाल निवासी ग्राम बोहराकोट, थाना टनकपुर, जनपद चंपावत तथा तुषार पुत्र प्रेमपाल निवासी वार्ड नंबर चार, कपूर बस्ती, थाना टनकपुर, जनपद चंपावत के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार संख्या यूके 04 एवाई 5925 को भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में सन्नी सयाल ने बताया कि उसके विरुद्ध पूर्व में कोतवाली टनकपुर में आबकारी अधिनियम के तहत दो मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन करने के साथ ही अन्य संभावित आपराधिक गतिविधियों की भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में चौकी सरकड़ा के अपर उपनिरीक्षक अमित कुमार और कांस्टेबल संदीप सजवाल शामिल रहे।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार प्रभावी और कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।











