*भाई को बचाने कुंड में कूदीं तीन बहनें, डूबने से चारों की दर्दनाक मौत*
धौलपुर। राजस्थान के धौलपुर जिले में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में एक युवक और उसकी तीन बहनों की कुंड में डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, नथुआपुरा निवासी 23 वर्षीय भोलू उर्फ रवि अपने परिवार के साथ हीरामन बाबा मंदिर में दर्शन के लिए गया था। इस दौरान वह मंदिर परिसर स्थित कुंड में स्नान करने उतरा। बताया जा रहा है कि अचानक पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
भाई को संकट में देख उसकी तीन बहनें मनोरमा, बोटो और निशा उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक कुंड में कूद गईं। हालांकि गहरे पानी में जाने के कारण वे भी बाहर नहीं निकल सकीं और चारों की डूबने से मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से चारों को कुंड से बाहर निकाला। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।











