*19.40 करोड़ रुपये से बनेगा शिमला–कुरैया मोटर मार्ग, निर्माण शुरू*
*8.885 किलोमीटर सड़क के पुनर्निर्माण से ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर आवागमन की सुविधा : तिलक राज बेहड़*
रुद्रपुर। किच्छा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत शिमला–कुरैया मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधार कार्य का सोमवार को विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर शुभारंभ किया गया। 19 करोड़ 40 लाख 62 हजार रुपये की लागत से 8.885 किलोमीटर लंबे इस मोटर मार्ग का शिलान्यास मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूर्व में कर चुके हैं। अब निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों को सड़क की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है।
इस अवसर पर किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। सड़कें विकास की आधारशिला होती हैं। बेहतर सड़क संपर्क से आम नागरिकों के साथ ही किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भी लाभ मिलता है। इसी उद्देश्य से क्षेत्र में सड़क निर्माण, पुनर्निर्माण और सुधार कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।
विधायक बेहड़ ने कहा कि शिमला–कुरैया मोटर मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है। सड़क के निर्माण एवं सुधार से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों का आवागमन अधिक सुगम व सुरक्षित बनेगा। इससे ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के साथ ही कृषि संबंधी गतिविधियों के लिए आने-जाने में भी सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के लिए उनका धरातल पर समयबद्ध क्रियान्वयन जरूरी है। शिमला–कुरैया मोटर मार्ग का निर्माण शुरू होना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने की अपेक्षा जताई, ताकि क्षेत्रवासियों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
इस दौरान किच्छा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजेश प्रताप सिंह, दलजीत खुराना, हरविंदर मोंटी, वीरेंद्र गंभीर, जीत सिंह, तीरथ मुंजाल, प्रमोद गोयल, मंदीप सिंह, राजेंद्र प्रधान, लक्ष्मण बांगा, विशाल छाबड़ा, हरीश बांगा, बलराम अग्रवाल, पंकज बांगा, ऋतिक खुराना, सतवंत कामरा, नरेश खुराना, सुरेश कुमार, डॉ. हरभगवान रहेजा, अमरजीत सिंह, फैजाल मलिक, प्रकाश और सुखविंदर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


