महापौर व विधायक ने किया स्थल निरीक्षण, बंग भवन के लिए स्थान फाइनल

Spread the love

बंग भवन के लिए नई भूमि चिन्हित, पुराने कोषागार भवन पर बनेगा आधुनिक दो मंजिला परिसर

रुद्रपुर में बंगाली समाज को मिलेगा अपना भवन, दो मंजिला निर्माण की तैयारी

डीपीआर तैयार करने के निर्देश, जल्द शुरू होगा बंग भवन निर्माण

मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद तेज हुई प्रक्रिया, नए स्थल पर सहमति

1400 वर्ग फीट क्षेत्र में बनेगा दो मंजिला आधुनिक बंग भवन

 

रुद्रपुर। शहर में बंगाली समाज की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करने की दिशा में नगर निगम ने अहम पहल करते हुए बंग भवन के लिए नई भूमि चिन्हित कर ली है। महापौर विकास शर्मा ने विधायक शिव अरोरा, प्रशासनिक अधिकारियों एवं समाज के प्रतिनिधियों के साथ स्थल का निरीक्षण कर इसे अंतिम रूप दिया। अधिकारियों को शीघ्र डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा बंग भवन निर्माण की घोषणा के बाद इस दिशा में प्रक्रिया तेज की गई है। पूर्व में मोदी मैदान के समीप भूमि चिन्हित की गई थी, लेकिन तकनीकी कारणों से हस्तांतरण संभव नहीं हो सका। इसके बाद वैकल्पिक स्थल की तलाश शुरू की गई।

शनिवार को किच्छा बाईपास रोड स्थित आकांक्षा ऑटोबाइल के सामने स्थित पुराने कोषागार भवन का निरीक्षण किया गया। यह भवन वर्तमान में जर्जर अवस्था में है। निरीक्षण के उपरांत सर्वसम्मति से इसी स्थान को बंग भवन के लिए उपयुक्त मानते हुए चयनित कर लिया गया।

महापौर विकास शर्मा ने बताया कि लगभग 1400 वर्ग फीट क्षेत्रफल में स्थित पुराने भवन को ध्वस्त कर यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त दो मंजिला भवन का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित भवन में बेसमेंट पार्किंग के साथ सामुदायिक कार्यक्रमों, सांस्कृतिक आयोजनों एवं बैठकों के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। बंग भवन बनने से बंगाली समाज को अपनी सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक सशक्त मंच मिलेगा।

महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डीपीआर शीघ्र तैयार कर शासन को भेजी जाए, ताकि स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में रुद्रपुर में विकास कार्यों को गति मिली है और शहर के समग्र विकास के लिए किसी प्रकार की धनराशि की कमी नहीं आने दी जाएगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *