*राइस मिल में आग से लाखों का नुकसान, राजेश शुक्ला ने प्रशासन से की त्वरित सहायता की अपील*

Spread the love

किच्छा में राइस मिलर की इंडस्ट्री में भीषण आग, तीन गोदामों में रखा चावल व वरदाना जलकर राख

किच्छा। नगर स्थित राइस मिलर एसोसिएशन के महामंत्री साहिल अरोड़ा की अरोड़ा इंडस्ट्रीज में शनिवार देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से तीन गोदामों में रखा लाखों रुपये मूल्य का चावल एवं वरदाना जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब साढ़े चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में लगभग 20 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

इंडस्ट्री स्वामी साहिल अरोड़ा ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे मिल परिसर के एक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना दी। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी और तीन गोदाम इसकी चपेट में आ चुके थे। आग में गोदामों में रखा चावल एवं वरदाना पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लगातार प्रयास करते हुए रविवार सुबह करीब 4:30 बजे आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटा है।

घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी मौके पर पहुंचे और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। शुक्ला ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा नियमानुसार पीड़ित को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग करेंगे।

इस दौरान संदीप अरोड़ा, किशन नारंग, सौरभ अरोड़ा, दीपक पाठक, लक्ष्मण खुगगर, अंकुर पपनेजा, सुमित अरोड़ा, गौरव अरोड़ा और सतीश अरोड़ा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *