*कासगंज में भीषण सड़क हादसा: अस्थि विसर्जन को जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्रक से टकराई, 6 की मौत, 20 घायल* *राजस्थान से सोरोंजी तीर्थ जा रहे थे श्रद्धालु, आठ घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर*

Spread the love

*कासगंज में भीषण सड़क हादसा: अस्थि विसर्जन को जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप ट्रक से टकराई, 6 की मौत, 20 घायल*

*राजस्थान से सोरोंजी तीर्थ जा रहे थे श्रद्धालु, आठ घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर*

कासगंज। उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में सोमवार तड़के भीषण सड़क हादसे में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि करीब 20 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में चार महिलाएं और दो पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं। हादसा कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहनपुरा में हाथरस जिले की सीमा के पास सुबह करीब पौने चार बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार, राजस्थान के करौली जिले से श्रद्धालुओं का एक जत्था मैक्स पिकअप वाहन से अपने पूर्वजों और परिजनों की अस्थियों का विसर्जन करने के लिए सोरोंजी तीर्थ जा रहा था। इसी दौरान मोहनपुरा के पास पिकअप की एक 22 चक्का ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।

एसपी ने बताया कि हादसे में घायल 23 यात्रियों को जिला अस्पताल कासगंज पहुंचाया गया था। इनमें से आठ की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वहां उपचार के दौरान तीन और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई। अन्य गंभीर घायलों का उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मौके पर मरने वालों में उमेश (26) पुत्र बबलू निवासी ग्राम रेवई, थाना महुआ, जिला दौसा, राजस्थान तथा नेहरू (25) पुत्र राम खिलाड़ी निवासी ग्राम नथोली का पूरा, थाना सूरौठ, जिला करौली, राजस्थान की पहचान हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बताई गई है। गंभीर घायलों की हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *