*भाजपा जिला कार्यालय में संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा का भव्य स्वागत* *कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क बढ़ाने पर दिया जोर*

*भाजपा जिला कार्यालय में संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा का भव्य स्वागत*

 

*कार्यकर्ता सम्मेलन में संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क बढ़ाने पर दिया जोर*

 

रुद्रपुर। भाजपा के संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा के गुरुवार को रुद्रपुर स्थित जिला कार्यालय पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान रुद्रपुर विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, मंडल अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों और विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

 

सम्मेलन को संबोधित करते हुए संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा ने कहा कि संकल्प से ही सिद्धि प्राप्त होती है। किसी भी संगठन की मजबूती उसके समर्पित कार्यकर्ताओं, सुदृढ़ बूथ व्यवस्था और जनता के साथ निरंतर संपर्क पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर दृढ़ संकल्प के साथ संगठन के कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ और शक्ति केंद्र पर संगठन की सक्रियता सुनिश्चित करना जरूरी है।

 

शर्मा ने कहा कि संगठन की योजनाओं और कार्यक्रमों को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बूथ स्तर पर नियमित गतिविधियां संचालित करने, स्थानीय लोगों से संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास करने से पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा।

 

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संगठन को निरंतर मजबूत बनाना और जनसंपर्क का विस्तार करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने तथा उत्तराखंड सहित रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की।

 

इससे पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने स्वागत भाषण देते हुए संगठन महामंत्री का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सम्मेलन संगठनात्मक संवाद को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

 

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा और महापौर विकास शर्मा ने भी सम्मेलन को संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती के लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, आपसी समन्वय और प्रभावी जनसंपर्क को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि पार्टी की योजनाओं और कार्यक्रमों को आमजन तक पहुंचाने में बूथ स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है।

 

सम्मेलन में संगठनात्मक योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने और पार्टी कार्यक्रमों में अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई।

 

इस अवसर पर जिला प्रभारी खिलेन्द्र चौधरी, जिला सह प्रभारी साकेत अग्रवाल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नेत्रपाल मौर्य, महिला मोर्चा की महामंत्री रश्मि रस्तोगी, जिला महामंत्री तरुण दत्ता और रमेश जोशी, जिला कोषाध्यक्ष रोशन अरोड़ा, दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, रामपाल, सुरेश कोहली, फरजाना बेगम, जिला उपाध्यक्ष अमित नारंग, हिमांशु शुक्ला, राकेश सिंह, अनिल चौहान, धीरेन्द्र मिश्रा और राजेश तिवारी सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement