*भारत की पहली स्कूल शूटिंग प्रीमियर लीग में धैर्य डांगी का चयन, मुंबई टाइटन्स ने टीम में किया शामिल*
*उत्तराखंड के अंडर-19 वर्ग के एकमात्र खिलाड़ी बने, डीपीएस रुद्रपुर के छात्र ने बढ़ाया प्रदेश का मान*
रुद्रपुर। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) रुद्रपुर के कक्षा 12 के छात्र एवं युवा निशानेबाज धैर्य डांगी का चयन भारत की पहली स्कूल शूटिंग प्रीमियर लीग (एसएसपीएल) के 10 मीटर एयर पिस्टल अंडर-19 वर्ग में उत्तराखंड के एकमात्र खिलाड़ी के रूप में हुआ है। नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित ऑक्शन में मुंबई टाइटन्स फ्रेंचाइजी ने सर्वाधिक बोली लगाकर उन्हें अपनी टीम में शामिल किया।
देश में पहली बार आयोजित हो रही इस लीग में मुंबई टाइटन्स, यूपी लेजेंड्स, हरियाणा डिफेंडर्स, जयपुर रॉयल्स, ओडिशा हॉक्स, बेंगलुरु बुल्स आई, बंगाल नाइट्स और दिल्ली हीरोज सहित आठ फ्रेंचाइजी टीमें भाग ले रही हैं। लीग का उद्देश्य स्कूली स्तर के प्रतिभाशाली निशानेबाजों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराना और शूटिंग खेल को बढ़ावा देना है।
लीग के लिए अक्टूबर 2025 से देशभर में चयन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। प्रदर्शन के आधार पर प्रत्येक वर्ग में केवल 25 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिनमें से प्रत्येक फ्रेंचाइजी ने ऑक्शन के माध्यम से दो-दो खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल किया। कड़े मुकाबले के बीच धैर्य डांगी का चयन उनकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम माना जा रहा है।
धैर्य डीपीएस रुद्रपुर परिसर स्थित आधुनिक शूटिंग रेंज में नियमित अभ्यास करते हैं। इससे पहले भी वह राज्य, जोनल और राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। हाल ही में मई 2026 में आयोजित इंटर डीपीएस राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में उन्होंने 400 में से 392 अंक हासिल कर व्यक्तिगत और टीम दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीते थे।
धैर्य का परिवार भी शूटिंग खेल से जुड़ा हुआ है। उनकी माता और बहन राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज हैं, जबकि पिता भरत सिंह डांगी सिंचाई विभाग रुद्रपुर में अधिशासी अभियंता के पद पर कार्यरत हैं और उन्होंने बेटे को खेलों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया है।
धैर्य की सफलता का श्रेय उनके प्रशिक्षक नकुल चौधरी को भी दिया जा रहा है, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई। डांगी परिवार ने डीपीएस रुद्रपुर के चेयरमैन सुरजीत सिंह ग्रोवर, वाइस चेयरमैन हरमन सिंह ग्रोवर और प्रधानाचार्य चेतन चौहान का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों को दिए जा रहे सहयोग की सराहना की।
विद्यालय प्रबंधन ने धैर्य डांगी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि वह भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड और देश का नाम रोशन करेंगे। धैर्य के चयन पर खेल प्रेमियों, शिक्षकों, खिलाड़ियों और जनपदवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें आगामी स्कूल शूटिंग प्रीमियर लीग के लिए शुभकामनाएं दीं।







