विधानसभा में स्वास्थ्य, आयुष्मान और गैस संकट को लेकर सरकार पर सवाल
हल्द्वानी में फॉरेन लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की मांग
स्वास्थ्य सेवाओं की लचर व्यवस्था से जा रही लोगों की जान: हृदयेश
हल्द्वानी में कैथ लैब निर्माण में देरी पर विधायक हृदयेश का सरकार पर हमला
विधानसभा में गूंजी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, सुमित हृदयेश ने सरकार को घेरा
देहरादून/हल्द्वानी। उत्तराखंड विधानसभा सत्र के दौरान हल्द्वानी से विधायक Sumit Hridayesh ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति, आयुष्मान योजना की खामियों तथा एलपीजी गैस की किल्लत का मुद्दा जोरदार ढंग से सदन में उठाया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय और दूरदराज क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की भारी कमी के कारण लोगों को समय पर इलाज नहीं मिल पा रहा है, जिससे कई बार मरीजों को अपनी जान तक गंवानी पड़ रही है।
विधायक हृदयेश ने कहा कि उचित स्वास्थ्य सेवाओं के अभाव में अल्मोड़ा की जिला पंचायत अध्यक्ष स्वर्गीय बिष्ट का असमय निधन होना बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह घटना प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था की वास्तविक स्थिति को उजागर करती है और सरकार को इस दिशा में गंभीर कदम उठाने की आवश्यकता है।
उन्होंने हल्द्वानी में प्रस्तावित कैथ लैब के निर्माण में हो रही लगातार देरी पर भी सरकार को घेरा। उनका कहना था कि पिछले कई विधानसभा सत्रों में विभागीय मंत्री द्वारा जल्द कैथ लैब स्थापित करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इससे स्पष्ट होता है कि सरकार की प्राथमिकताओं में आम जनता के स्वास्थ्य को अपेक्षित महत्व नहीं दिया जा रहा है।
सदन में उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को गोल्डन कार्ड के तहत इलाज न मिलने की समस्या को भी गंभीर मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि यह पेंशनभोगियों के साथ सीधा अन्याय है। साथ ही आयुष्मान योजना के तहत इलाज से पहले विभिन्न जांचों के नाम पर गरीब मरीजों से पैसे वसूले जाने पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मांग की कि योजना के अंतर्गत इलाज के साथ सभी आवश्यक जांचें भी पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराई जाएं।
इसके अलावा विधायक हृदयेश ने युवाओं के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी में फॉरेन लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर स्थापित करने की मांग भी सदन में रखी। उनका कहना था कि इससे प्रदेश के युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।
इस दौरान देशभर में चल रही एलपीजी गैस की किल्लत का मुद्दा भी सदन में गूंजा। इस विषय को लेकर कांग्रेस के विधायकों ने सदन में धरना देते हुए राज्य सरकार से आम जनता को तत्काल राहत देने की मांग की।
विधायक हृदयेश ने कहा कि महंगाई और जरूरी सेवाओं की कमी से आम जनता पहले ही परेशान है। ऐसे में गैस की किल्लत ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने सरकार से इस समस्या के समाधान के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की, ताकि लोगों को राहत मिल सके।







